
एक तरफ होर्मुज जलडमरूमध्य का संकट अभी चल ही रहा है, अदन की खाड़ी में एक नया खतरा उभरकर सामने आ गया है। शनिवार को यमन के तट के पास यमन की खाड़ी में कुछ अज्ञात हमलावरों ने एक तेल टैंकर को हाईजैक कर लिया। इस तेल टैंकर को सोमालिया की ओर ले जाया जा रहा है, जो समुद्री डाकुओं के लिए कुख्यात है। यमनी कोस्ट गार्ड ने बताया कि टैंकर यूरेका को यमन के शबवा प्रांत के पास एक समूह ने कब्जे में ले लिया।
जहाज पर हथियारबंद समूह का कब्जा – यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार से जुड़े कोस्ट गार्ड ने बताया कि हथियारबंद समूह टैंकर पर चढ़ा और उस पर नियंत्रण करके उसे सोमाली तट की तरफ ले गया। कोस्ट ने इस हमले की जांच करने का वादा किया है। कोस्ट गार्ड ने कहा कि टैंकर की जगह का पता लगा लिया गया है और उस पर नजर रखने के साथ ही उसे वापस लाने और उसके चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
समुद्री जहाजों की आवाजाही की जानकारी देने वाली वेबसाइट मरीन ट्रैफिक के अनुसार, यूरेका एक तेल टैंकर है, जिस पर टोगो का झंडा लगा हुआ है। मार्च के आखिर में यह टैंकर UAE के फुजैरा बंदरगाह पर मौजूद था। इस तेल टैंकर के अगवा होने के बाद सोमालियाई समुद्री डाकुओं का खौफ एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
समुद्री डाकुओं के लिए कुख्यात सोमालिया – 2000 के दशक में सोमालिया अपने समुद्री डकैतों के लिए कुख्यात हुआ करता था। 2011 में यह अपने चरम पर थी, जब सोमालियाई तट के पास जहाजों पर सैकड़ों हमले हुए। इसके बाद दुनिया का ध्यान इस समस्या की तरफ गया। क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय नौसेना की तैनाती और कमर्शियल शिपिंग की तरफ से अपनाई गई नई रणनीतियों के चलते इसमें काफी कमी आई। लेकिन इस पूर्वी अफ्रीकी देश के तटों पर हालिया हफ्तों में हमले फिर से बढ़ गए हैं।
Home / Uncategorized / होर्मुज के बाद अदन की खाड़ी में नया खतरा, यमन के तट के पास तेल टैंकर हाईजैक, सोमालिया की तरफ ले जाया जा रहा
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website