Friday , May 15 2026 11:20 PM
Home / Uncategorized / डोनाल्ड ट्रंप के जोरदार स्वागत के बाद बीजिंग में बैठक, जिनपिंग का पलड़ा भारी, एक्सपर्ट ने बताया

डोनाल्ड ट्रंप के जोरदार स्वागत के बाद बीजिंग में बैठक, जिनपिंग का पलड़ा भारी, एक्सपर्ट ने बताया


अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस समय चीन के दौरे पर हैं, जहां उनका जोरदार स्वागत हुआ है। बीजिंग में डोनाल्ड ट्रंप और शी जिनपिंग ने लाल कालीन पर चलते हुए सैन्य सम्मान गार्ड का निरीक्षण किया। आधिकारिक स्वागत कार्यक्रम के बाद बीजिंग में चीन-अमेरिका के प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हो रही है। शी जिनपिंग और डोनाल्ड ट्रंप अपने-अपने प्रतिनिधि समूहों का नेतृत्व कर रहे हैं। इस बैठक पर दुनिया की नजर लगी है। वहीं एक्सपर्ट का मानना है कि वार्ता में चीन का हाथ ऊपर है। यानी बैठक के फैसले चीन के पक्ष में झुके हो सकते हैं।
अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रंप से बातचीत का शी जिनपिंग के लिए यह सबसे अच्छा समय है। अमेरिका इस समय पश्चिम एशिया में उलझा हुआ है। अमेरिका के अंदर भी हालिया हफ्तों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की लोकप्रियता तेजी से घट रही है। ऐसे में वह फिलहाल बहुत अच्छी स्थिति में नहीं हैं, जिसका फायदा चीन उठा सकता है।
चीन-अमेरिका का गतिरोध – चीन और अमेरिका दुनिया की इन दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाएं हैं। दोनों के बीच व्यापार तब से बाधित है, जब पिछले साल ट्रंप दोबारा सत्ता में आए थे। ट्रंप ने सत्ता में आने के बाद दुनिया भर के देशों पर कई तरह के टैरिफ लगा दिए थे। इनमें से कुछ सबसे ज्यादा दरें चीन पर लगाई गई थी। एक समय यह दर 145 प्रतिशत तक पहुंच गई थी।
डोनाल्ड ट्रंप के फैसले के बाद चीन ने जवाबी कार्रवाई करते हुए अपने टैरिफ लगाए और ‘रेयर अर्थ मेटल्स’ का निर्यात रोक दिया। ये मेटल्स कारों और स्मार्टफोन उद्योगों के लिए जरूरी है। इस गतिरोध के चरम पर पहुंचने के बाद से हालात में थोड़ी नरमी आई है। हालांकि चीन और अमेरिका अभी भी सामान्य संबंधों से दूर हैं।