Tuesday , May 19 2026 5:17 PM
Home / Uncategorized / ईरान के द्वीप पर कब्जा कर लो’, ट्रंप प्रशासन ने UAE को तेहरान पर सीधे हमले की दी सलाह, मिडिल ईस्ट में फिर जंग?

ईरान के द्वीप पर कब्जा कर लो’, ट्रंप प्रशासन ने UAE को तेहरान पर सीधे हमले की दी सलाह, मिडिल ईस्ट में फिर जंग?


डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से ईरान से एक अहम द्वीप छीनने को कहा है। द टेलीग्राफ की रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप प्रशासन यूएई को ईरान युद्ध में सीधे तौर पर शामिल होने के लिए उकसा रहा है। ट्रंप प्रशासन के कुछ अधिकारियों ने सुझाव दिया है कि अबू धाबी, ईरान के ‘लवान द्वीप’ पर कब्जा कर ले। ट्रंप प्रशासन के एक पूर्व वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी ने ‘द टेलीग्राफ़’ को बताया कि UAE की सेना का इस्तेमाल करने से अमेरिकी सैनिकों को सीधे लड़ाई के मैदान में उतरने से बचाया जा सकेगा। अधिकारी ने कहा, “जाओ और उन पर कब्जा कर लो!” उन्होंने आगे कहा “जमीन पर अमेरिकी सैनिकों के बजाय UAE के सैनिक होंगे।”
ट्रंप प्रशासन की तरफ से ये खुलासा उस वक्त हुआ है जब इस बात का पता चलने लगा है कि पिछले महीने संघर्ष के दौरान सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात ने भी ईरान के कुछ ऊर्जा ठिकानों पर हमले किए थे। फरवरी के आखिर में जब इजरायल और अमेरिका ने ईरान पर हमले शुरू किए तब से UAE को ईरान की तरफ से भारी जवाबी हमलों का सामना करना पड़ा है। ईरान ने संयुक्त अरब अमीरात पर 2800 से ज्यादा ड्रोन और मिसाइल हमले किए हैं।
क्या ईरान से सीधे युद्ध में शामिल होगा UAE? – ईरान युद्ध की वजह से यूएई के इजरायल और अमेरिका से संबंध और मजबूत हुए हैं खासकर इजरायल से। लेकिन उसके खाड़ी के पड़ोसी देशों जैसे सऊदी अरब और कतर के साथ उसके संबंध और खराब ही किए हैं। टेलीग्राफ ने बताया है कि UAE ने युद्ध की शुरुआत में ही सऊदी अरब और कतर से ईरान के खिलाफ जवाबी हमलों में शामिल होने को कहा था लेकिन ये प्रयास असफल रहे थे। टेलीग्राफ में छपी रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया है कि UAE ने अप्रैल की शुरुआत में ईरान के ठिकानों पर हमला किया था जिसमें लवान द्वीप भी शामिल था। हालांकि अबू धाबी ने इस बात की पुष्टि नहीं की है।