Thursday , May 28 2026 12:52 AM
Home / Entertainment / Bollywood / अब रणवीर सिंह की Pralay पर गहरा सकता है संकट, Don 3 से पीछा छुड़ाना मुश्किल भी, मुसीबत भी!

अब रणवीर सिंह की Pralay पर गहरा सकता है संकट, Don 3 से पीछा छुड़ाना मुश्किल भी, मुसीबत भी!


‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की ब्‍लॉकबस्‍टर सफलता का जश्न मना रहे रणवीर सिंह को ‘डॉन 3’ से किनारा करना काफी भारी पड़ा है। शूटिंग से ऐन पहले फिल्म छोड़ने को लेकर रणवीर चौतरफा घिर चुके हैं। महीनों से चल रहा विवाद इंडस्ट्री के सबसे बड़े संगठन ‘फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने इंप्लॉइज’ (FWICE) के दर पर पहुंचा। फिल्‍म के निर्माता फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की शिकायत पर फेडरेशन ने रणवीर सिंह के खिलाफ ‘नॉन कोऑपरेशन’ का निर्देश जारी किया है। इसका सीधा सा मतलब है कि इस संगठन से जुड़े सदस्य, जिसमें डायरेक्टर, कैमरामैन, लाइटमैन, एडिटर, आर्ट डायरेक्टर और स्पॉट बॉयज तक शामिल हैं, रणवीर के साथ काम नहीं करेंगे। फेडरेशन का दावा है कि उनके साथ कुल 4 लाख से अध‍िक सिने एम्प्लॉइज जुड़े हुए हैं। ऐसे में अब एक्‍टर की अगली फिल्‍म ‘प्रलय’ पर भी संकट गहरा सकता है, जिसके वो प्रोड्यूसर भी हैं। एक तरफ जहां इस विवाद पर नए सिरे से बहस छ‍िड़ गई है, वहीं रणवीर सिंह ने आध‍िकारिक तौर पर ‘सम्‍मान’ करते हुए ‘कुछ नहीं कहने’ का फैसला किया है।
‘डॉन’ बॉलीवुड की एक सुपरहिट फ्रेंचाइज है। सबसे पहले 1978 में महानायक अमिताभ बच्चन ने इस किरदार को पर्दे पर गढ़ा था। फिर 2006 और 2011 में शाहरुख खान ने इसे पर्दे पर जिंदा किया। जब फरहान अख्तर ने साल 2023 में ऐलान किया कि वह रणवीर सिंह को लेकर अपनी चर्चित ‘डॉन फ्रेंचाइजी’ में ला रहे हैं, तो इसकी खूब आलोचना भी हुई। खासकर शाहरुख खान के फैंस नाराज हुए। लेकिन कथ‍ित तौर पर ‘धुरंधर’ की ब्लॉकबस्टर होने के बाद अचानक रणवीर ने खुद ही फिल्म छोड़ दी। कहा गया कि वह स्क्रिप्ट से संतुष्ट नहीं थे, पर जल्द ही मामले ने तूल पकड़ लिया।
रणवीर सिंह फिल्म इंडस्ट्री और डॉन फ्रेंजाइजी से जुड़े सभी लोगों का बहुत सम्मान करते हैं। डॉन 3 से जुड़े हालिया घटनाक्रम के दौरान रणवीर ने चुप्पी बनाए रखना चुना, क्योंकि उनका मानना है कि पेशेवर चर्चाओं और व्यक्तिगत संबंधों को गरिमा, परिपक्वता और आपसी सम्मान के साथ संभाला जाना चाहिए।
‘डॉन 3’ विवाद और मामला 45 करोड़ के हर्जाने का – ऐसा नहीं है कि ‘डॉन 3’ के निर्माता सीधे FWICE पहुंचे। वह पहले इसकी श‍िकायत लेकर ‘प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया’ पहुंचे थे। गुहार लगाई कि उन्‍हें रणवीर के फिल्म छोड़ने से 45 करोड़ का नुकसान हुआ। उन्‍हें इसका हर्जाना म‍िलना चाहिए। लेकिन मामला बेनतीजा रहा, जिसके बाद वे FWICE पहुंचे। मेकर्स का दावा है कि रणवीर सिंह ने जब फिल्‍म छोड़ने का फैसला लिया, तब तक सेट बन चुके थे। बाकी क्रू अपना काम कर रही थी। ऐसे में सीधा-सीधा नुकसान मेकर्स का हुआ है।
हमारी संस्था ने रणवीर सिंह को अपना पक्ष रखने के लिए 3 बार बुलाया, पर उन्होंने ढंग से जवाब तक नहीं दिया। इसलिए, जब तक वह हमसे मिलकर अपना पक्ष नहीं रखेंगे, हम यह असहयोग निर्देश जारी रखेंगे। बीएन त‍िवारी, FWICE प्रेस‍िडेंट
FWICE ने रणवीर सिंह को 3 बार बुलाया, उन्‍होंने जवाब नहीं दिया – FWICE के प्रेस‍िडेंट बीएन तिवारी के मुताबिक, ‘रणवीर के गैर पेशेवेर ढंग से शूटिंग से 3 हफ्ते पहले फिल्म छोड़ने से निर्माताओं का प्री-प्रोडक्शन पर खर्च हुए 45 करोड़ का नुकसान हुआ। इसमें विदेशी लोकेशंस से लेकर 200 से ज्यादा की यूनिट के लिए होटल, ट्रैवल का खर्च शामिल है। वे रणवीर से भरपाई की मांग कर रहे हैं। साथ ही फिल्म से जुड़ी टीम का काम भी छिना। हमारी संस्था ने रणवीर सिंह को अपना पक्ष रखने के लिए 3 बार बुलाया, पर उन्होंने ढंग से जवाब तक नहीं दिया। इसलिए, जब तक वह हमसे मिलकर अपना पक्ष नहीं रखेंगे, हम यह असहयोग निर्देश जारी रखेंगे।’
रणवीर सिंह की फिल्‍म ‘प्रलय’ पर संकट – समझा जा रहा है कि फेडरेशन के इस कदम का सीधा असर रणवीर सिंह की आने वाली महत्वाकांक्षी फिल्म ‘प्रलय’ पर पड़ेगा। यह फिल्मकार हंसल मेहता के बेटे जय मेहता के निर्देशन में बन रही है और इसका 300 करोड़ का भारी-भरकम बजट है। ‘प्रलय’ एक पोस्ट-एपोकैलिप्टिक (सर्वनाश के बाद की) जॉम्बी थ्रिलर है। दिलचस्‍प बात यह है कि रणवीर सिंह फिल्‍म के लीड एक्टर होने के साथ-साथ प्रड्यूसर भी हैं। बीएन तिवारी कहते हैं, ‘संगठन का कोई भी सदस्‍य रणवीर की इस फिल्म में काम नहीं करेगा, जिससे निश्चित तौर पर उसकी शूटिंग प्रभावित होगी।’
परेश रावल, अक्षय खन्‍ना, दीपिका पादुकोण का विवाद – यूं तो बॉलीवुड में कलाकारों का फिल्म छोड़ना या उन्हें रिप्लेस किया जाना कोई नई या बड़ी बात नहीं है, लेकिन हाल के दिनों में इस मामले में कई निर्माताओं ने खासे सख्त कदम उठाए हैं। मसलन, ‘हेरी फेरी 3’ का विवाद भी ज्यादा पुराना नहीं है, जब अक्षय कुमार ने परेश रावल को फिल्म की शूटिंग बीच में छोड़ने पर 25 करोड़ रुपये का लीगल नोटिस भेजा था। हालांकि, बाद में मामला सुलझा लिया गया, जिसे कुछ लोगों ने पब्लिसिटी स्टंट भी माना। रणवीर सिंह के ही ‘धुरंधर’ को-स्टार अक्षय खन्ना को भी ‘दृश्यम 3’ अचानक छोड़ने पर खासी आलोचना झेलनी पड़ी। लोगों ने कहा कि ‘धुरंधर’ की सफलता उनके सिर चढ़ गई है। इसी तरह, रणवीर की पत्नी दीपिका पादुकोण का डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा संग फिल्म ‘स्पिरिट’ का विवाद भी जगजाहिर है। काम के तय घंटे समेत कुछ मांगों के कारण दीपिका को न केवल ‘स्पिरिट’ बल्कि ‘कल्कि 2898 एडी’ के सीक्वल से भी अलग होना पड़ा।