Wednesday , September 30 2026 1:11 PM
Home / Sports / कीव पर रूस का बेरहम हमला, तबाह हो गया मशहूर टेनिस खिलाड़ी का क्लब, दर्द भरे पोस्ट में लिखा- 776 यूक्रेनी खिलाड़ी मारे जा चुके

कीव पर रूस का बेरहम हमला, तबाह हो गया मशहूर टेनिस खिलाड़ी का क्लब, दर्द भरे पोस्ट में लिखा- 776 यूक्रेनी खिलाड़ी मारे जा चुके


यूक्रेन की स्टार टेनिस खिलाड़ी एलीना स्वितोलिना को एक बार फिर रूस-यूक्रेन युद्ध का दर्द झेलना पड़ा है। स्वितोलिना ने मंगलवार को बेहद भावुक होकर जानकारी दी कि कीव स्थित उनके पैडल क्लब स्वीटो पैडल क्लब को रूसी हमले में भारी नुकसान पहुंचा है। स्वितोलिना ने पूर्व यूक्रेनी टेनिस खिलाड़ी सर्गी स्टैखोव्स्की के साथ मिलकर इसी साल मई में इस क्लब की शुरुआत की थी जिसमें सात इंडोर पैडल कोर्ट बनाए गए थे।
सोशल मीडिया पर दी जानकारी – दुनिया की 9वें नंबर की खिलाड़ी स्वितोलिना ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस हमले के बाद क्लब की हुई तबाही की कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने एक भावुक संदेश लिखकर यूक्रेन के खेल जगत पर पड़ रहे विनाशकारी प्रभावों को दुनिया के सामने रखा। इस हमले के बाद से खेल समुदाय और उनके फैंस में काफी निराशा और रोष देखा जा रहा है।
स्वितोलिना ने जाहिर किया दुख – हमले पर अपना दुख जाहिर करते हुए स्वितोलिना ने कहा, ‘आज तक रूसी आक्रामकता के कारण 776 यूक्रेनी एथलीट और खेल समुदाय के सदस्य मारे जा चुके हैं। पूरे यूक्रेन में 942 खेल सुविधाएं क्षतिग्रस्त या पूरी तरह से नष्ट हो गई हैं। आज, मेरा क्लब ‘स्वीटो पैडल’ भी उनमें से एक बन गया।’ उनके इस बयान ने यूक्रेन में खेल ढांचों की मौजूदा स्थिति को बयां कर दिया है।
स्वितोलिना का मानना है कि इस तरह की घटनाएं यह साफ दर्शाती हैं कि युद्ध के इस दौर में यूक्रेनी खिलाड़ियों को कितनी मुश्किल परिस्थितियों से गुजरना पड़ रहा है। उन्होंने दूसरे देशों के खिलाड़ियों से तुलना करते हुए कहा, ‘यूक्रेनी एथलीटों और हमारी युवा पीढ़ी के पास अन्य देशों के एथलीटों की तरह समान परिस्थितियों में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए प्रशिक्षण और तैयारी करने का कोई अवसर नहीं बचा है।’
स्वितोलिना ने मांगी मदद – इस टेनिस खिलाड़ी ने अपने इस बयान का इस्तेमाल अंतरराष्ट्रीय खेल बिरादरी को जगाने और उनसे सीधी मदद मांगने के लिए भी किया। उन्होंने एकजुट होने की अपील करते हुए कहा, ‘इस संदेश के माध्यम से मैं अपने अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों और दोस्तों तक पहुंचना चाहती हूं जो अंतरराष्ट्रीय मंच पर हम यूक्रेनी एथलीटों का समर्थन और प्रोत्साहन करते हैं। मैं आपसे समर्थन के साथ-साथ ठोस कार्रवाइयों की मांग करती हूं जो इस हमलावर को रोकने में मदद कर सकें।’