
उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित सेक्टर-75 की IVY काउंटी सोसाइटी में आज सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ए टॉवर की 12वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में भीषण आग लग गई। आग की लपटें और धुआं उठता देख सोसाइटी के लोगों में हड़कंप मच गया और तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे फ्लैट से धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल विभाग की छह गाड़ियां आग पर काबू पाने के लिए जुट गईं। फायर कर्मियों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाते हुए आग को अन्य फ्लैटों तक फैलने से रोकने का प्रयास किया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फ्लैट के भीतर मंदिर के सामने रखा एयर कूलर शॉर्ट सर्किट की चपेट में आ गया, जिसके चलते आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस बल ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया था। समय रहते कार्रवाई होने से आग को नियंत्रित करने में सफलता मिली। फिलहाल घटना में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
वहीं,दूसरी तरफ सोसायटी निवासियों का आरोप है कि आग लगने के एक घंटे बाद तक नहीं पहुंची थी फायर ब्रिगेड की टीम। जिसकी वजह से ऊपर के कई फ्लोर आग की चपेट में आ गए।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में गौतमबुद्ध नगर में आग लगने की कई घटनाएं सामने आई हैं, जिससे हाईराइज सोसाइटियों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।
Home / Uncategorized / IVY काउंटी के 12वें फ्लोर पर लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियों ने पाया काबू
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website