
बांग्लादेश की तारिक रहमान सरकार ने शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग की स्थापना दिवस के पहले देश भर में सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने इस दौरान देश में अशांति और अस्थिरता फैलने की आशंका जताई है। छात्रों के हिंसक प्रदर्शन के बाद 5 अगस्त 2024 में शेख हसीना सरकार गिर गई थी। इसके बाद मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने अवामी लीग पार्टी को भंग कर दिया था।
गृह मंत्री ने दिया अलर्ट पर रहने का आदेश – बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने शनिवार 20 जून को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उन्हें खुफिया जानकारी मिली है कि अवामी लीग 23 जून के आसपास देश में अशांति और अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर सकती है। उन्होंने आगे बताया कि सुरक्षा एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि वे अगले कुछ दिनों तक पूरी सतर्कता बरतें और इस मौके पर तोड़-फोड़, अशांति या सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को रोकने के लिए सभी जरूरी कदम उठाएं।
अहमद ने कहा कि सरकार स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है। मौजूदा सरकार अवामी लीग को एक राजनीतिक पार्टी नहीं मानती, बल्कि उसे एक माफिया संगठन के तौर पर देखती है। इसके पहले शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय ने अपने क्षेत्रीय कार्यालयों और यूनिट्स को आंतरिक संदेश भेजा था। इसमें कहा गया था कि अवामी लीग के नेता और कार्यकर्ता देश के अलग-अलग हिस्सों में स्थापना दिवस मनाने के लिए स्थानीय पार्टी दफ्तरों पर पार्टी के झंडे फहराने और जुलूस निकालने की कोशिश कर सकते हैं।
पुलिस ने जताया हिंसा का खतरा – इसमें यह भी कहा गया कि ऐसी गतिविधियों से दूसरे राजनीतिक संगठनों के कार्यकर्ताओं, खासकर छात्रों के नेतृत्व वाली नेशनल सिटिजन पार्टी के सदस्यों के साथ टकराव हो सकता है, जिससे कानून व्यवस्था बिगड़ने का खतरा पैदा हो सकता है। ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने किसी खास सुरक्षा खतरे की बात से इनकार किया है लेकिन कहा कि वे हाई अलर्ट पर हैं।
बांग्लादेश की सबसे पुरानी पार्टी – बांग्लादेश की अवामी लीग का स्थापना दिवस 23 जून को मनाया जाता है। हालांकि, पार्टी ने अब तक अपने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर कोई सूचना जारी नहीं की है, लेकिन कुछ मीडिया रिपोर्ट्स से पता चलता है कि पार्टी कार्यकर्ताओं को पार्टी ऑफिसों पर राष्ट्रीय और पार्टी के झंडे फहराने और अचानक सड़क पर जुलूस निकालने का निर्देश दिया गया था।
अवामी लीग बांग्लादेश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी है, जिसकी स्थापना 1949 में हई थी। उस समय बांग्लादेश पूर्वी पाकिस्तान हुआ करता था। अवामी लीग ने पाकिस्तान के खिलाफ 1971 के मुक्ति संग्राम का नेतृत्व किया था, जिसके परिणामस्वरूप बांग्लादेश एक आजाद देश बना।
Home / Uncategorized / तारिक रहमान को शेख हसीना का खौफ, अवामी लीग के स्थापना दिवस से पहले बांग्लादेश में सुरक्षा अलर्ट
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website