Thursday , June 25 2026 7:32 AM
Home / Uncategorized / UNSC की बैठक में पाकिस्तान ने किया कश्मीर का जिक्र तो भारत ने धो डाला, भारतीय राजदूत ने लगाई लताड़

UNSC की बैठक में पाकिस्तान ने किया कश्मीर का जिक्र तो भारत ने धो डाला, भारतीय राजदूत ने लगाई लताड़


भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की एरिया फॉर्मूला (Arria Formula) बैठक में पाकिस्तान की क्लास लगाई है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि हरीश पर्वतनेनी ने जम्मू और कश्मीर पर पाकिस्तान की टिप्पणियों को खारिज करते हुए इसे भारत का अभिन्न हिस्सा बताया। पर्वतनेनी ने पाकिस्तान पर संयुक्त राष्ट्र के मंच का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया और कहा कि इसने भारत के जम्मू-कश्मीर इलाके पर गैर-जरूरी टिप्पणियां कीं।
कश्मीर पर पाकिस्तान को लगाई लताड़ – भारतीय राजदूत ने मंगलवार 23 जून को एरिया फॉर्मूला बैठक में UNSC के प्रस्ताव और अंतरराष्ट्रीय शांति व सुरक्षा बनाए रखने को लेकर बयान के दौरान यह बात कही। इस दौरान उन्होंने कहा, “यह हैरानी की बात है कि सह अध्यक्ष होने के बावजूद पाकिस्तान ने एरिया फॉर्मूला बैठक का राजनीतिक करण किया और भारत के जम्मू-कश्मीर इलाके पर गैर जरूरी टिप्पणियां कीं।” उन्होंने जोर देकर कहा कि “केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर का मामला पूरी तरह से भारत का आंतरिक मामला है। यह हमेशा से ऐसा ही रहा है, अभी भी है और आगे भी ऐसा ही रहेगा।”
UN चार्टर को लागू करने पर दिया जोर – इस दौरान भारत के स्थायी प्रतिनिधि ने संयुक्त राष्ट्र के चार्टर के चैप्टर VI और चैप्टर VII के लागू होने के अलग-अलग तरीकों पर जोर दिया। चैप्टर VII शांति के लिए किसी खतरे, शांति भंग होने या आक्रामकता की कार्रवाई को रोकने और अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए उपायों के बारे में है, जिसमें सैन्य कार्रवाई और शांति सैनिकों की तैनाती भी शामिल है।
पी हरीश ने कहा कि चैप्टर VII के तहत की जाने वाली कार्रवाई मौजूदा हालात और संदर्भ को ध्यान में रखकर तय की जाती है और ये हमेशा के लिए लागू नहीं रहतीं। उन्होंने आगे कहा कि अगर इन्हें लागू नहीं किया जाता है तो इसके तुरंत गंभीर नतीजे हो सकते हैं, जिससे शांति और बिगड़ सकती है और अन्य गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं। ऐसा न करना उन सिद्धांतों और उद्देश्यों के खिलाफ है, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय कानून का ढांचा पूरा करने की कोशिश करता है।