Friday , June 26 2026 7:46 AM
Home / Uncategorized / मुंबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट के सामने आया एयर इंडिया का प्लेन, अहमदाबाद एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा

मुंबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट के सामने आया एयर इंडिया का प्लेन, अहमदाबाद एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा


देश में एक बड़ा प्लेन हादसा होने से बच गया। अहमदाबाद हवाई अड्डे परन‘पार्किंग बे’ की ओर जाते समय एअर इंडिया का एक विमान गलत दिशा में मुड़ गया, जिससे वह इंडिगो के एक विमान के सामने आ गया। हालांकि, दोनों विमान एक-दूसरे से सुरक्षित दूरी पर रुक गए। सूत्रों ने बताया कि मुंबई जा रहा इंडिगो का विमान उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था, तभी एअर इंडिया का विमान गलत दिशा में मुड़ गया और वह उसी टैक्सीवे पर आ गया, जिस पर इंडिगो का विमान मौजूद था।
सूत्रों के मुताबिक, टैक्सीवे पर दोनों विमान समय रहते एक-दूसरे से लगभग 200 मीटर की सुरक्षित दूरी पर रुक गए। एअर इंडिया ने एक बयान में कहा कि हमें उस घटना की जानकारी है, जिसमें 24 जून को मुंबई से अहमदाबाद जाने वाली हमारी एआई 2493 उड़ान लैंडिंग के बाद ‘पार्किंग बे’ की तरफ जाते समय अनजाने में गलत रास्ते पर मुड़ गई थी।
पार्किंग बे में ले जाया गया प्लेन – विमानन कंपनी ने कहा कि विमान में सवार यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। उसने बताया कि बाद में विमान को सुरक्षित रूप से ‘पार्किंग बे’ में ले जाया गया। एअर इंडिया ने कहा कि नियामक प्राधिकरण को मामले की जानकारी दे दी गई है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
अहमदाबाद एयरपोर्ट पर क्या हुआ – इंडिगो की फ्लाइट मुंबई के लिए टेकऑफ करने से पहले टैक्सी कर रही थी, तभी मुंबई से ही आई एयर इंडिया की फ्लाइट गलत टैक्सीवे पर आ गई। सूत्रों के मुताबिक, नैरो-बॉडी वाले एयरबस A320 विमान एक-दूसरे के करीब 200 मीटर की दूरी तक आ गए थे, जिसके बाद दोनों को रोक दिया गया।एयर इंडिया ने एक बयान में इस घटना की पुष्टि की। एयरलाइन ने आगे कहा कि यात्रियों या क्रू की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं हुआ और बाद में विमान को खींचकर (टो करके) वापस पार्किंग बे में ले जाया गया।
खींचकर ले जाया गया एयर इंडिया का प्लेन – इंडिगो ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि अहमदाबाद से मुंबई जाने वाली उसकी फ्लाइट 6E 5160 टैक्सी करने के दौरान थोड़ी देर के लिए रुक गई थी। एयरलाइन ने कहा कि दोनों विमान एक-दूसरे से सुरक्षित दूरी पर रुक गए। बाद में दूसरे विमान को खींचकर हटा दिया गया और हमारी फ्लाइट ने उड़ान भरी और मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की।
एयरलाइंस पर उठे सवाल – इंडिगो के मुताबिक, संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचित कर दिया गया। दोनों विमानों में सवार यात्रियों की संख्या का तुरंत पता नहीं चल सका। यह घटना इन दोनों एयरलाइंस से जुड़ी जमीन पर आवाजाही (ग्राउंड मूवमेंट) की एक और घटना के कुछ महीनों बाद हुई है। फरवरी में, मुंबई एयरपोर्ट पर टैक्सी करते समय एयर इंडिया के एयरबस A320 और इंडिगो के A320 विमानों के विंगटिप (पंखों के सिरे) आपस में टकरा गए थे, जिसके बाद दोनों विमानों की जांच करानी पड़ी थी।