
ब्राजील के एक खोजी पत्रकार और जियोपोलिटिकल एक्सपर्ट पेपे एस्कोबार ने एक पॉडकास्ट में दावा किया है कि इजरायल की खुफिया एजेंसी मोसाद ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर की हत्या की साजिश रची थी। उन्होंने कहा कि मोसाद ने स्विट्जरलैंड में अमेरिका-ईरान वार्ता में मध्यस्थ के रूप में शामिल पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल के साथ असीम मुनीर की भी हत्या की प्लानिंग की थी। हालांकि, पाकिस्तान की ओर से पेपे एस्कोबार के दावे पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। इस वार्ता में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और ईरानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने किया।
पाकिस्तानी सेना ने इंटरसेप्ट की थी जानकारी – पेपे एस्कोबार ने इजरायली मोसाद के असीम मुनीर की हत्या की साजिश रचने का दावा ब्राजील के पोलिटिकल कमेंटेटर और इंटरनेट सेलिब्रिटी मारियो नौफल के साथ पॉडकास्ट में किया है। एस्कोबार ने दावा किया कि पाकिस्तानी सैन्य खुफिया विभाग ने एक बेहद विश्वसनीय जानकारी को इंटरसेप्ट किया था, जिससे पता चला कि मोसाद स्विट्जरलैंड में उच्च स्तरीय वार्ता के दौरान मुनीर और पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों को मारने की तैयारी कर रहा था।
पेपे एस्कोबार ने मुनीर की हत्या की साजिश का दावा किया – एस्कोबार ने असीम मुनीर और पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल की हत्या की साजिश की बात तब की, जब पॉडकास्ट के होस्ट मारियो नौफल ने अमेरिका-ईरान वार्ता के पर्दे के पीछे पाकिस्तान और इजरायल के बीच जारी तनाव के बारे में पूछा। पाकिस्तान और इजरायल एक दूसरे के कट्टर दुश्मन हैं। पाकिस्तान ने आज तक इजरायल को एक स्वतंत्र देश के रूप में मान्यता नहीं दी है। वह अपने पासपोर्ट पर भी इस बात का जिक्र करता है। इसके अलावा पाकिस्तान ने इजरायल के दुश्मनों को हथियार भी सप्लाई किए हैं।
नेतन्याहू के आदेश पर मुनीर को मारने की थी तैयारी: दावा – एस्कोबार ने बातचीत में कहा, “पाकिस्तानी सेना को बेहद विश्वसनीय जानकारी मिली थी कि मोसाद, इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के आदेश पर, आसिम मुनीर और संभवत स्विट्जरलैंड जा रहे पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल के बाकी सदस्यों की हत्या की साजिश रच रहा था।” पेपे एस्कोबार ने कहा कि मोसाद की कथित साजिश के बारे में पता चलने के बाद पाकिस्तानी अधिकारियों ने राजनयिक मध्यस्थों के माध्यम से जवाब दिया।
पाकिस्तान ने इजरायल को दी थी नक्शे से मिटाने की धमकी – उन्होंने कहा, “पाकिस्तानियों ने हमेशा की तरह मध्यस्थों के माध्यम से सीधा संदेश भेजा। मेरा मानना है कि इस मामले में ओमान ने सीधे इज़राइल को संदेश भेजा होगा, जिसमें कहा गया होगा, ‘अगर तुमने हमारे प्रतिनिधिमंडल को छुआ, तो हम तुम्हें नक्शे से मिटा देंगे, बस।’ मैं इस बात का जिक्र कर रहा हूं। हमारे सूत्र ने हमें यही बताया है।” एस्कोबार के दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और न ही पाकिस्तान और इज़राइल की सरकारों ने इसकी पुष्टि की है। एस्कोबार के दावे का समर्थन करने वाला कोई सबूत भी नहीं है।
Home / Uncategorized / मोसाद ने रची थी पाक आर्मी चीफ असीम मुनीर की हत्या की साजिश? ब्राजीलियाई पत्रकार के दावे से खलबली
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website