Sunday , July 5 2026 6:36 AM
Home / Uncategorized / हूतियों ने सऊदी फाइटर जेट पर दागी मिसाइल, हवाई अड्डों पर हमले की धमकी, मिडिल ईस्ट में नया तनाव

हूतियों ने सऊदी फाइटर जेट पर दागी मिसाइल, हवाई अड्डों पर हमले की धमकी, मिडिल ईस्ट में नया तनाव


यमन के हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच एक बार फिर तनाव उभर आया है। हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब को हवाई अड्डों और अहम ठिकानों पर हमला करने की धमकी दी है। ईरान समर्थित हूतियों ने सऊदी अरब के फाइटर जेट पर उसके हवाई क्षेत्र में घुसपैठ करने का आरोप लगाया है। हूती विद्रोहियों ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने सऊदी अरब के फाइटर जेट पर मिसाइल दागी।
हूती प्रवक्ता याह्या सरिया ने एक बयान में बताया कि सऊदी जेट ने ईरान के नागरिक विमान को सना एयरपोर्ट पर उतरने से रोकने की कोशिश की थी। इसने दावा किया कि इस विमान में 200 से ज्यादा घायल, बीमार और फंसे हुए यमनी नागरिक सवार थे।
हूतियों की सऊदी अरब को धमकी – यमनी समूह ने दावा किया कि उसने सऊदी लड़ाकू विमान को वहां से जाने के लिए मजबूर कर दिया। याह्या सरिया ने सऊदी अरब को दोबारा घुसपैठ करने की चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ऐसा हुआ तो सऊदी हवाई अड्डों को दूसरे अहम ठिकानों को निशाना बनाया जाएगा। हूती प्रवक्ता ने यमन की घेराबंदी खत्म करने की भी मांग की।
सऊदी की चेतावनी- देंगे करारा जवाब – हूती विद्रोहियों की धमकी पर पलटवार करते हुए सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने जोरदार पलटवार किया है। शनिवार सुबह एक बयान में गठबंधन ने कहा कि “सऊदी अरब को निशाना बनाने की किसी भी कोशिश का अभूतपूर्व दृढ़ संकल्प और ताकत के साथ जवाब दिया जाएगा।”
सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मल्की ने कहा, “कल किंगडम के खिलाफ हूती बयानबाजी, यमन के भाई-बहनों के खिलाफ उनके गंभीर उल्लंघनों से ध्यान हटाने की एक कोशिश भर है।” उन्होंने हूती विद्रोहियों की धमकी को क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा को कमजोर करने की कोशिश बताया।
अल-मल्की ने हूतियों पर यमन के लोगों को तकलीफ पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हूती अपने पैदा किए आर्थिक संकट और यमन के लोगों की तकलीफों के साथ ही यमन के कबीलाई और सामाजिक समूहों से मिल रहे विरोध को छिपाने के लिए अपने क्षेत्रीय दायरे और पड़ोसी देशों में फैलाने की कोशिश करते हैं।
यमन में हूतियों के खिलाफ है सऊदी – 2014 में यमन की राजधानी पर हूतियों के कब्जा करने के बाद से सऊदी अरब के नेतृत्व वाला गठबंधन यमन की अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त सरकार की वैधता बहाल करने के लिए लड़ रहा है। ईरान समर्थित हूती विद्रोही 2014 से ही राजधानी सना समेत यमन के कई हिस्सों पर नियंत्रण बनाए हुए हैं।