Thursday , August 20 2026 4:01 AM
Home / Uncategorized / ‘भारत अपना रुख साफ करे’, शेख हसीना ऐसा क्‍या करने जा रहीं ज‍िससे टेंशन में बांग्लादेश सरकार, दी चेतावनी

‘भारत अपना रुख साफ करे’, शेख हसीना ऐसा क्‍या करने जा रहीं ज‍िससे टेंशन में बांग्लादेश सरकार, दी चेतावनी


शेख हसीना के दिल्ली से संभावित वर्चुअल प्रेस मीट पर बांग्लादेश की तारिक रहमान सरकार ने सवाल खड़े किए हैं। बुधवार को होने वाले हसीना के इस संबोधन पर बांग्लादेश ने भारत से स्पष्टीकरण मांगा है। तारिक सरकार में विदेश राज्यमंत्री शमा उबैद ने भारत सरकार से उन मीडिया रिपोर्ट पर चीजें साफ करने को कहा है, जिनमें शेख हसीना के 5 अगस्त को दिल्ली से वर्चुअल कार्यक्रम को संबोधित करने का दावा किया गया है। शमा का कहना है कि हम नई दिल्ली के साथ अच्छे संबंधों के तरफदार हैं। ऐसे में हम नहीं चाहते कि इसका द्विपक्षीय संबंधों पर कोई असर पड़े।
बीएसएस न्यूज के मुताबितक, शमा ओबेद इस्लाम ने सोमवार को ढाका में कहा कि हमने शेख हसीना के कार्यक्रम के बारे में सुना है। बांग्लादेश सरकार को उम्मीद है कि भारत इस कथित कार्यक्रम पर अपनी स्थिति स्पष्ट करेगा। दोनों देशों के हित अपने संबंधों को बनाए रखने और मजबूत करने में हैं। ऐसे कार्यक्रम संबंधों पर विपरित असर डाल सकते हैं।
हम भारत के साथ भविष्योन्मुखी दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ रहे हैं। हम नहीं चाहते कि इसे नुकसान पहुंचे और मेरा दृढ़ विश्वास है कि भारत भी ऐसा नहीं चाहता। इसलिए भारत को यह स्पष्ट करना होगा कि वह हसीना के कार्यक्रम का समर्थन करता है या नहीं।
‘भारत से चाहते हैं अच्छे संबंध’ – शमा ने आगे कहा कि उन्होंने हाल ही में बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी के साथ सौहार्दपूर्ण बातचीत की है, जिसमें दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा, ‘हम चाहते हैं कि भारत के साथ संबंध बेहतर हों। मेरा मानना है कि भारत भी यही चाहता है।’
भारत के सामने औपचारिक विरोध दर्ज कराने के सवाल पर शमा ने कहा कि 5 अगस्त का शेख हसीना का कार्यक्रम भारत सरकार आयोजित नहीं कर रही है। फिलहाल ढाका चीजों को देख रहा है और परिस्थितियों के आधार पर तय किया जाएगा कि नई दिल्ली के साथ कोई राजनयिक बातचीत आवश्यक है या नहीं।
बांग्लादेश ने भारत को बार-बार मौखिक और लिखित रूप से यह बताया है कि भगोड़ों या दोषी व्यक्तियों को बांग्लादेश को अस्थिर करने के उद्देश्य से राजनीतिक गतिविधियों के लिए भारतीय क्षेत्र का उपयोग करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
क्या है पूरा मामला – शेख हसीना के कार्यक्रम के भारत-बांग्लादेश के द्विपक्षीय संबंधों को प्रभावित करने के सवाल पर शमा ने कहा कि हम नहीं चाहते हैं लेकिन इससे रिश्ते पर असर मुमकिन है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश एक संप्रभु देश है और अपने हितों की रक्षा करते हुए सभी के साथ संबंध बनाए रखेंगे। हम भारत, चीन और अन्य देशों के साथ सहयोग बढ़ाना जारी रखेंगे।
ढाका में इस बैचेनी की वजह बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना का 5 अगस्त को नई दिल्ली में वर्चुअल प्रोग्राम संबोधित करने का प्रोग्राम है। इस कार्यक्रम का आयोजन नई दिल्ली में ‘फॉरेन कॉरेस्पोंडेंट्स क्लब ऑफ साउथ एशिया’ वर्चुअल रूप में करेगा। इस प्रोग्राम में शेख हसीना ढाका लौटने के बारे में विस्तार से बता सकती हैं।
यह कार्यक्रम 5 अगस्त, 2024 में हसीना सरकार गिरने और ढाका से नई दिल्ली आने के दो साल पूरे होने पर हो रही है। 5 अगस्त, 2024 को छात्रों के बड़े पैमाने पर प्रोटेस्ट के बाद अवामी लीग सरकार गिर गई थी। इसके बाद से शेख हसीना भारत में निर्वासित जीवन बिता रही हैं। वहीं ढाका उनके वापस लाने पर जोर दे रहा है।