
पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के चेयरमैन बिलावल भुट्टो ने ऑस्ट्रिया की राजकुमारी से सगाई की खबरों को खारिज कर दिया है। 26 साल की आस्ट्रियाई प्रिंसेज के साथ रिश्ते की खबरों को अफवाह बताते हुए बिलावल भुट्टो ने कहा कि सोशल मीडिया ने तो उनका रिश्ता तय कर दिया, सगाई करा दी और शादी भी करवा दी। एक वीडियो संदेश में बिलावल भुट्टो जरदारी ने कहा कि मैं यह साफ करना चाहता हूं कि ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है और मैं किसी प्रिंसेज ग्लोलिया को नहीं जानता।
बिलावल ने सगाई की खबरों को बताया अफवाह – बिलावल भुट्टो जरदारी का वीडियो संदेश पार्टी के सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया गया है। इसमें बिलावल ने कहा, सोशल मीडिया ने मेरा रिश्ता, सगाई और शादी सब तय कर दिया है, लेकिन इनमें से कुछ भी सच नहीं है। पूर्व पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने इन अफवाहों को असल मुद्दों से ध्यान भटकाने की साजिश बताया और कहा कि उनकी निजी जिंदगी से जुड़े किसी भी फैसले के बारे में जानकारी उनका परिवार देगा।
बिलावल भुट्टो जरदारी, पूर्व पाकिस्तानी विदेश मंत्री – बिलावल भुट्टो जरदारी ने कहा, अपनी निजी जिंदगी के बारे में मैं जो भी फैसला लूंगा, उसकी घोषणा मेरा परिवार करेगा। पीपीपी चेयरमैन ने आगे कहा कि सोशल मीडिया पर इस तरह के तमाशे असली मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए किए जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सोशल मीडिया की अटकलों के बजाय देश के असली मुद्दों पर ध्यान दें।
कैसे शुरू हुईं अटकलें? – बिलावल भुट्टो जरदारी और प्रिंसेज ग्लोरिया वॉन हैब्सबर्ग के रिश्ते की अफवाह ने तब जोर पकड़ा जब हाल ही में पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी 1 सप्ताह की निजी यात्रा पर ऑस्ट्रिया पहुंचे। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने दावा किया कि जरदारी अपनी बहू से मिलने और शादी की तारीख पक्की करने गए हैं। यह पहली बार नहीं है जब बिलावल भुट्टो का नाम किसी लड़की से जोड़ गया है। उनके रिश्ते को लेकर अक्सर चर्चा होती रही हैं। इसमें विदेशी से लेकर पाकिस्तान तक की लड़कियों के साथ उनका नाम जोड़ा गया। हालांकि, हर बार यह सिर्फ अफवाह बनकर रह गया।
Home / Uncategorized / बिलावल भुट्टो ने ऑस्ट्रिया की प्रिंसेज के साथ रिश्ते की खबरों पर तोड़ी चुप्पी, कहा- न सगाई हुई और न ही शादी
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website