Wednesday , September 9 2026 9:01 PM
Home / Lifestyle / पसीने या भीगने के बाद भी नहीं पड़ेंगे जांघों पर रैशेज, खुजली-जलन से बचने के लिए 5 तरीके

पसीने या भीगने के बाद भी नहीं पड़ेंगे जांघों पर रैशेज, खुजली-जलन से बचने के लिए 5 तरीके


पसीने के कारण जांघों के बीच में रैशेज होना काफी आम समस्या है। इसका एक प्रमुख कारण नमी, पसीना, गर्मी और घर्षण का एक साथ मौजूद होना है। अंदरूनी जांघों में पसीना लंबे समय तक जमा रहने और चलते समय त्वचा के आपस में रगड़ने से लालिमा, जलन और खुजली हो सकती है। लेकिन, यदि आप कुछ आसानी टिप्स को अपनाएं तो इस समस्या के प्रभावों को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
बढ़ता तापमान और उमस सिर्फ शरीर को पसीने से परेशान नहीं करती, बल्कि त्वचा की कई समस्याओं का कारण भी बन सकती है। खासकर जांघों के बीच यानी अंदरूनी हिस्से में पसीना जमा होने, त्वचा के आपस में रगड़ने और लंबे समय तक नमी बने रहने से लालिमा, जलन, खुजली या छोटे-छोटे दाने हो सकते हैं। कई बार यही समस्या आगे चलकर फंगल इंफेक्शन का रूप भी ले सकती है। त्वचा की सिलवटों में होने वाली ऐसी जलन को अक्सर intertrigo कहा जाता है। गर्म और नम वातावरण के साथ घर्षण इस समस्या को बढ़ा सकता है और कुछ मामलों में कैंडिडा जैसे फंगस के बढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण बन जाता है। हालांकि हर बार अंदरूनी जांघों में फंगल इंफेक्शन नहीं होता। इसलिए सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि रैश किस वजह से हुआ है और फिर उसी के अनुसार त्वचा की देखभाल करनी चाहिए।
जांघों पर रैशेज (Thigh Rash) गर्मियों में क्यों बढ़ जाती है? – गर्मी के मौसम में शरीर का तापमान नियंत्रित करने के लिए पसीना ज्यादा निकलता है। अगर पसीना त्वचा की ऐसी जगहों पर जमा हो जाए जहां हवा का सर्कुलेशन कम है, तो त्वचा लंबे समय तक नम रह सकती है। अंदरूनी जांघें ऐसी ही जगहों में शामिल हैं। चलने, दौड़ने या एक्सरसाइज करने के दौरान दोनों जांघों की त्वचा एक-दूसरे से रगड़ती है। ऐसे में नमी, गर्मी और घर्षण का यह कोम्बिनेशन त्वचा की बाहरी सुरक्षात्मक लेयर में जलन पैदा कर सकता है।
मैयोक्लीनिक के अनुसार हीट रैश गर्म और उमस भरे मौसम में ज्यादा हो सकता है क्योंकि पसीना त्वचा में फंस जाता है। वयस्कों में यह उन जगहों पर भी दिखाई दे सकता है जहां कपड़े त्वचा से रगड़ते हैं और त्वचा मुड़ती हैं।
पसीना, नमी और Friction त्वचा को कैसे नुकसान पहुंचाते हैं? – एनसीबीआई के अनुसार गर्मी में ज्यादा पसीना आने से जांघों के बीच, बगल या त्वचा की सिलवटों में नमी लंबे समय तक फंसी रह सकती है। इससे त्वचा की ऊपरी परत नरम होकर अधिक संवेदनशील हो जाती है। नम त्वचा पर चलने या कपड़ों के लगातार रगड़ने से Friction बढ़ता है, जिससे लालिमा, जलन, खुजली और छोटे-छोटे घाव हो सकते हैं। इसे Intertrigo कहा जाता है।
साइंस डायरेक्ट के अनुसार एक अध्ययन में पाया गया कि गर्म और नम परिस्थितियों में त्वचा का घर्षण ठंडी और सूखी परिस्थितियों की तुलना में लगभग दोगुना हो सकता है। शोधकर्ताओं के अनुसार, अधिक नमी त्वचा की ऊपरी परत को नरम करती है, जिससे रगड़ का प्रभाव बढ़ जाता है।
त्वचा को जितना हो सके सूखा रखें – क्लीवलैंड क्लीनिक के अनुसार Thigh rash से बचने का पहला नियम है—जांघों के बीच पसीना और नमी जमा न होने दें। नहाने के बाद जांघों को साफ तौलिये से हल्के हाथ से सुखाएं। रगड़कर सुखाने की बजाय थपकी देकर सूखाना बेहतर होता है, क्योंकि रैशेज वाली त्वचा पर जोर से रगड़ने से जलन बढ़ सकती है। एक्सरसाइज या लंबे समय तक बाहर रहने के बाद अगर पसीना बहुत ज्यादा आया है तो शरीर को साफ करके अच्छी तरह सुखाएं।
ढीले और सूती कपड़े पहनें – गर्मियों में बहुत टाइट जीन्स, सिंथेटिक और त्वचा से चिपके रहने वाले कपड़े जांघों में गर्मी और मॉइस्चर को बढ़ा सकते हैं। इससे घर्षण भी ज्यादा हो सकता है। इससे बचने के लिए आप ढीले, हल्के और सूती कपड़े पहनें। एक्सरसाइज के दौरान मॉइस्चर को सोखने वाले कपड़े भी मददगार हो सकते हैं।
पसीने के बाद कपड़े बदलें – एक्सरसाइज, वॉकिंग या गर्म मौसम में बाहर रहने के बाद पसीने से भीगे कपड़ों में लंबे समय तक रहना जांघों में रैशेज को बढ़ा सकता है। ऐसे कपड़े त्वचा के संपर्क में नमी बनाए रखते हैं और घर्षण भी बढ़ा सकते हैं। इसलिए ज्यादा पसीना आने के बाद संभव हो तो कपड़े बदलें और त्वचा को साफ करके पूरी तरह सुखाएं। अगर रैश बार-बार होता है, तो रोजाना साफ अंडर गारमेंट पहनना और टॉवल तथा कपड़ों को नियमित रूप से धोना भी हाईजीन रूटीन का हिस्सा होना चाहिए।
त्वचा को साफ करें – मैयोक्लीनिक के अनुसार जांघों पर रैशेज होने पर कई लोग ज्यादा जोर से स्क्रब करने लगते हैं। यह तरीका उल्टा नुकसान कर सकता है। जलन वाली त्वचा पर साबुन या खूशबू वाला प्रोडक्ट या स्क्रबिंग स्थिति को और खराब कर सकती है। इसलिए रैशेज को हल्के हाथों से साफ करें। सफाई के बाद त्वचा को अच्छी तरह सुखाना उतना ही जरूरी है जितना उसे धोना।
घर्षण कम करें – अगर आपकी जांघें चलते समय लगातार आपस में रगड़ती हैं, तो केवल हाईजीन पर्याप्त नहीं हो सकती। घर्षण को कम करना भी जरूरी है। लंबी वॉक, रनिंग या एक्सरसाइज के दौरान ऐसे कपड़े पहने जा सकते हैं जो जांघों को लगातार रगड़ने से बचाएं।
हीट रैश और फंगल इंफेक्शन में क्या अंतर है? – मैयोक्लीनिक के अनुसार हीट रैश (Miliaria) और फंगल इंफेक्शन दिखने में कुछ हद तक समान लग सकते हैं, लेकिन दोनों के कारण अलग होते हैं। हीट रैश आमतौर पर गर्मी, ज्यादा पसीने और स्वेट डक्ट के ब्लॉकेज के कारण होता है। इसमें छोटे लाल दाने, खुजली या चुभन हो सकती है और यह अक्सर गर्दन, पीठ, छाती या कपड़ों से ढके हिस्सों में दिखाई देता है।
एनसीबीआई के मुताबिक फंगल इंफेक्शन, जैसे कैंडिडा या डर्माटोफाइट इंफेक्शन (dermatophyte infection), फंगस के बढ़ने से होता है। इसमें खुजली के साथ लाल, स्पष्ट किनारों वाले चकत्ते, पपड़ी या त्वचा की सिलवटों में नमी और कभी-कभी छोटे आसपास के दाने दिखाई दे सकते हैं। लगातार नमी और गर्म वातावरण फंगल ग्रोथ को बढ़ावा दे सकता है।
गर्मियों में Thigh Rash का कारण सिर्फ पसीना नहीं होता। राहत के लिए ऊपर बताई हाईजीन आदत अपनाई जा सकती हैं, त्वचा को सूखा रखें, ढीले कपड़े पहनें, पसीने के बाद कपड़े बदलें, स्किन को साफ करें और जांघों के बीच घर्षण कम करें। लेकिन अगर रैश फैल रहा है, बहुत खुजली या दर्द है, स्किन फट रही है, पस निकल रहा है या समस्या बार-बार लौट रही है, तो इसे केवल गर्मी का रैश समझकर नजरअंदाज न करें। सही कारण जानने के लिए डॉक्टर की जांच जरूरी हो सकती है।