Wednesday , September 9 2026 9:59 PM
Home / News / ‘श्रीलंका हमारा परिवार’, कोलंबो में गरजे राजनाथ सिंह, कहा- भारत हमेशा आपके साथ

‘श्रीलंका हमारा परिवार’, कोलंबो में गरजे राजनाथ सिंह, कहा- भारत हमेशा आपके साथ


रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को तीन दिवसीय यात्रा पर श्रीलंका पहुंचे और इस दौरान वह द्वीपीय देश के शीर्ष नेतृत्व के साथ बातचीत करेंगे। इस दौरे का उद्देश्य द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना और रक्षा तथा समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाना है। राजनाथ सिंह ने कहा कि वह इस यात्रा के दौरान श्रीलंका के नेतृत्व के साथ सार्थक बातचीत को लेकर उत्साहित हैं।
कोलंबो: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह श्रीलंका के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत-श्रीलंका संबंधों की जमकर तारीफ की। राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत श्रीलंका को एक मजबूत दोस्त मानता है। श्रीलंका पर जब भी संकट आएगा, भारत आपके साथ हमेशा मजबूती से खड़ा रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि हम अपने पड़ोसियों को परिवार के सदस्य की तरह देखते हैं। राजनाथ सिंह ने कहा कि श्रीलंका में मुझे अपनापन महसूस होता है।
राजनाथ सिंह का श्रीलंका में भव्य स्वागत – श्रीलंका पहुंचने पर राजनाथ सिंह का गर्मजोशी और पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। रक्षामंत्री के आगमन व स्वागत के लिए बंडारानायके अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर श्रीलंका सरकार के प्रतिनिधि व भारतीय उच्चायुक्त मौजूद रहे। वह 8 से 10 सितंबर तक श्रीलंका की तीन दिवसीय आधिकारिक पर हैं। अपनी यात्रा के पहले दिन वह मंगलवार को नई दिल्ली से कोलंबो पहुंचे हैं। यहां हवाई अड्डे पर श्रीलंका के रक्षा उपमंत्री मेजर जनरल अरुण जयसेकरा (सेवानिवृत्त) और श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त संतोष झा ने रक्षा मंत्री की अगवानी की।
राजनाथ सिंह का श्रीलंका दौरा महत्वपूर्ण – राजनाथ सिंह की यह यात्रा भारत और श्रीलंका के बीच पहले से मजबूत संबंधों को और आगे बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। यात्रा के दौरान रक्षा मंत्री श्रीलंका के शीर्ष नेतृत्व के साथ मुलाकात और बातचीत करेंगे। मंगलवार को ही वे यहां भारतीय उच्चायुक्त से जुड़े महत्वपूर्ण लोगों से भी मुलाकात करने वाले हैं। दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग और समुद्री साझेदारी इस यात्रा के प्रमुख मुद्दों में शामिल रहेंगे। हिंद महासागर क्षेत्र में भारत और श्रीलंका की रणनीतिक स्थिति को देखते हुए समुद्री सुरक्षा दोनों देशों के बीच सहयोग का एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है।
राजनाथ सिंह के साथ उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल – राजनाथ सिंह के नेतृत्व में भारत का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी श्रीलंका पहुंचा है। बातचीत के दौरान आपसी हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी। दोनों देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करने के उपायों पर विचार किया जाएगा। गौरतलब है कि भारत और श्रीलंका के संबंध केवल रणनीतिक और रक्षा क्षेत्र तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत रिश्ते भी बेहद गहरे हैं।
भारत-श्रीलंका रक्षा संबंध होंगे मजबूत – रक्षा मंत्री की यात्रा के दौरान इन संबंधों को और मजबूत करने पर भी जोर रहने की उम्मीद है। अपनी यात्रा के दौरान राजनाथ सिंह कोलंबो में भारतीय प्रवासी समुदाय से मुलाकात करेंगे। वह श्रीलंका में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से संवाद भी करेंगे। रक्षा मंत्री की तीन दिवसीय यात्रा को भारत की पड़ोसी प्रथम नीति और हिंद महासागर क्षेत्र में मजबूत समुद्री एवं रक्षा साझेदारी की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तौर पर देखा जा रहा है।