Thursday , November 5 2026 3:33 AM
Home / News / हूतियों का सऊदी अरब के हवाई अड्डों पर घातक हमला, 3 की मौत और 36 घायल, फैल रही यमन युद्ध की आग

हूतियों का सऊदी अरब के हवाई अड्डों पर घातक हमला, 3 की मौत और 36 घायल, फैल रही यमन युद्ध की आग


सऊदी अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि देश के दो हवाई अड्डों पर हुए हमलों में तीन लोगों की मौत हो गई और 36 अन्य घायल हो गए। इनमें रियाद का किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी है। दूसरा हमला अबहा हवाई अड्डे पर किया गया। यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने इन हमलों की जिम्मेदारी ली है। ये हमले ऐसे समय में हुए हैं, जब सऊदी समर्थित यमन की सरकारी सेना ने हूतियों के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू किया है। यमन के संघर्ष में सऊदी अरब गहराई से उलझता जा रहा है।
सऊदी अरब की सिविल एविएशन अथॉरिटी ने एक बयान में कहा, मंगलवार और बुधवार को अबहा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सुविधाओं को निशाना बनाकर हमले किए गए। अथॉरिटी ने हमलों के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया। अबहा एयरपोर्ट पर मिस्र और अल्जीरिया के एक-एक नागरिक की मौत हुई, जबकि रियाद के एयरपोर्ट पर सूडान के एक नागरिक की मौत हुई।
हूतियों ने ली हमलों की जिम्मेदारी – हूती विद्रोहियों के सैन्य प्रवक्ता याह्या सूरी ने बुधवार को कहा, “हमारी सेनाओं ने अभी-अभी रियाद में किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बैलिस्टिक मिसाइल से निशाना बनाया है। अल्लाह के करम से हमला सटीक था और इससे हवाई यातायात रुक गया।” इस बीच यमन की अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त का समर्थन करने वाले सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने कहा कि उसने रियाद पर हमले में इस्तेमाल किए गए बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च प्लेटफॉर्म को नष्ट कर दिया है।
यमन में हूतियों के खिलाफ ऑपरेशन तेज – यमन की सरकारी सेनाओं ने हूती विद्रोहियों के खिलाफ ऑपरेशन तेज कर दिया है। इस तनाव ने यमन के गृह युद्ध को फिर से भड़का दिया है। लाल सागर के तट और बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य के आस-पास लड़ाई तेज हो गई है। संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि इसमें लगभग 200000 लोग विस्थापित हुए हैं।
सऊदी समर्थित यमन की सरकारी सेना ने दावा किया है कि उसने लाल सागर के बंदरगाह शहर मोखा पर फिर से कब्जा कर लिया है और हूती लड़ाकों को इलाके से खदेड़ दिया है। हालांकि, हूती समूह का कहना है कि वे अपना कब्जा जमाए हुए हैं। हूतियों ने सितम्बर पर यहां नियंत्रण घोषित किया था।