Friday , October 16 2026 11:31 AM
Home / Uncategorized / ‘ट्रंप ने जो किया था, भारत में भी वही कोशिश’, SIR के खिलाफ उतरीं भारतीय मूल की अमेरिकी सांसद, प्रदर्शनों का किया समर्थन

‘ट्रंप ने जो किया था, भारत में भी वही कोशिश’, SIR के खिलाफ उतरीं भारतीय मूल की अमेरिकी सांसद, प्रदर्शनों का किया समर्थन


भारतीय मूल की अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल भारत में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया के वोटर लिस्ट से करीब 13 करोड़ लोगों के नाम काटे जाने पर चिंता व्यक्त की है। डेमोक्रेटिक सांसद प्रमिला जयपाल ने भारत में बड़े पैमाने पर वोट काटने के कदमों को लोकतंत्र-विरोधी प्रयास बताया है। साथ ही इस मामले में दिल्ली, मुंबई और देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे अहिंसक विरोध-प्रदर्शनों का समर्थन किया है। भारत के चुनाव आयोग के मुद्दे पर किसी अमेरिकी सांसद की ओर से आई इस तरह की यह पहली टिप्पणी है।
वॉशिंगटन स्टेट की डेमोक्रेटिक कांग्रेसवुमन ने कहा, ‘भारत में हो रही घटनाएं वैसी लग रही हैं, जैसी ट्रंप प्रशासन अमेरिका में वोटिंग अधिकारों को कमजोर करने के लिए कर रहा था। हर जगह लोकतंत्र की रक्षा करना जरूरी है। ऐसे समय में अहिंसक विरोध आंदोलन बहुत जरूरी हैं। मैं उन भारतीय लोगों के साथ खड़ी हूं, जो भारत में लोकतंत्र-विरोधी कोशिशों का मुकाबला करने के लिए अहिंसक विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।’
भारतीयों को भी अमेरिकियों की तरह निष्पक्ष चुनाव का अधिकार है और लोकतंत्र की रक्षा बेहद जरूरी है। हम भारत में वोटर लिस्ट से करोड़ों लोगों के नाम हटाए जाने पर चिंतित हैं। प्रमिला जयपाल
SIR पर जताई चिंता – प्रमिला ने खासतौर से भारत के चुनाव आयोग के उन आंकड़ों पर फिक्र जाहिर की है, जिसमें SIR प्रक्रिया के तहत करीब 13 करोड़ नाम वोटर लिस्ट से हटाए जाने की बात है। इस मामले ने भारत में सियासी उथलपुथल मचा रखी है। भारत के ज्यादातर छात्र संगठन, 20 से ज्यादा विपक्षी दल और सिविल सोसाटी के लोग इस मुद्दे को लेकर सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दो हफ्ते से दिल्ली में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इन प्रदर्शनों को रोकने के लिए बड़े पैमाने पर पुलिस की तैनाती और हजारों प्रदर्शनकारियों की हिरासत ने दुनिया का ध्यान खींचा है। अमेरिका के अलावा पाकिस्तान, बांग्लादेश और कई यूरोपीय देशों के नेताओं की टिप्पणी भी इन प्रदर्शनों पर आई है।