Friday , October 16 2026 11:27 AM
Home / Uncategorized / जर्मनी में इमारत में लगी आग से 3 भारतीयों की मौत, रोमानिया के नागरिक पर शक, हत्या के आरोप में गिरफ्तार

जर्मनी में इमारत में लगी आग से 3 भारतीयों की मौत, रोमानिया के नागरिक पर शक, हत्या के आरोप में गिरफ्तार


जर्मनी के बोचुम शहर में एक रिहायशी इमारत में लगी आग में कम से कम तीन भारतीय नागरिकों की मौत हो गई है। हॉफस्टेड जिले में हुई इस घटना में पांच अन्य लोग घायल भी हुए हैं। मृतकों में 25 और 27 साल की दो महिलाएं और 26 साल का एक पुरुष शामिल है, जो सभी भारतीय नागरिक थे। पीड़ितों के नाम और भारत में उनके गृह राज्यों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। घटना में घायल हुए लोगों के बारे में जानकारी सामने नहीं आई है।
जर्मन समाचार चैनल n-tv की रिपोर्ट के अनुसार, 41 वर्षीय एक रोमानियाई नागरिक को हत्या के शक में गिरफ्तार किया गया है। वह उसी इमारत में रहता है, जहां यह घटना हुई है। पुलिस को शक है कि आरोपी ने जान-बूझकर आग लगाई, जिसकी चपेट में कई लोग आ गए और तीन भारतीयों की जलकर मौत हो गई।
आग लगने की जांच जारी – जांचकर्ताओं ने आग लगने की वजह तकनीकी खराबी होने की आशंका को खारिज कर दिया है और आगजनी का संदेह जताया है। हालांकि आग जानबूझकर लगाई गई थी या दुर्घटनावश लगी, इसकी जांच अभी जारी है। इस पहलू पर जांच चल रही है कि क्या आग साजिश के तहत लगाई गई।
आग मंगलवार तड़के बोखुम के होफस्टेड इलाके में स्थित एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में लगी थी। स्थानीय समयानुसार तड़के करीब 4:15 बजे आपातकालीन सेवाओं को आग लगने की सूचना दी गई थी। फायरफाइटर्स को दूसरी मंज़िल के एक अपार्टमेंट में तीन लोगों के शव मिले।
दमकल को हुई मुश्किल – आग की लपटें सीढ़ियों के रास्ते ऊपर की ओर फैल रही थीं, जिससे बचाव कार्य मुश्किल हो गया। फायरफाइटर्स सीढ़ियों का इस्तेमाल करके ऊपर की मंजिलों पर रहने वाले लोगों तक नहीं पहुंच पा रहे थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इमरजेंसी कर्मियों ने टर्नटेबल लैडर, पोर्टेबल लैडर और सेफ्टी कुशन का इस्तेमाल करके पांच लोगों को बचाया। घायल हुए पांच लोगों को धुएं की वजह से परेशानी हुई और उन्हें अस्पताल ले जाया गया है।