
अमेरिका के ओरेगन प्रांत में प्राइमरी स्कूल में गोलीबारी की घटना हुई है, जिसमें कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई है। समाचार एजेंसी एपी ने अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी है। अधिकारियों ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि यह संख्या शुरुआती है और उसमें बदलाव हो सकता है। गोलीबारी की घटना बेंड शहर के एक प्राइमरी स्कूल में हुई है। बेंड पुलिस की प्रवक्ता शीला मिलर ने बताया कि मरने वालों में कई बच्चे शामिल हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कम से कम 3 बच्चों की मौत हुई है। दो लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हमलावर भी मारा गया – बेंड पुलिस ने पुष्टि की है कि संदिग्ध हमलावर की मौत हो गई है। हालांकि यह साफ नहीं है कि 5 मृतकों में संदिग्ध शामिल है या नहीं। शीला मिलर ने मीडिया से बताया, “अभी हमारे पास कोई सटीक आंकड़ा नहीं है। हमें इतना पता है कि पीड़ितों में बच्चे भी शामिल हैं।” पुलिस ने हमलावर की पहचान नहीं बताई है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वह 16 साल का एक लड़का था।
स्कूल के अंदर घुसकर शुरू कर दी गोलीबारी – स्थानीय समयानुसार गुरुवार दोपहर 12:59 बजे अधिकारियों को सूचना मिली की ‘सिल्वर रेल एलिमेंट्री स्कूल’ के बाहर एक कार पर गोली चलाई गई है। इसके कुछ देर बाद पुलिस को कॉल आई और बताया गया कि शूटर स्कूल के अंदर घुस गया है और गोलीबारी शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि जब वे मौके पर पहुंचे तब तक हमलावर को स्कूल के अंदर ही गोली मारी जा चुकी थी, जिससे उसकी मौत हो गई।
शीला मिलर ने कहा कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि हमलावर को किसने मारा, लेकिन हो सकता है कि वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने ही उसे गोली मारी हो। घटना के बाद स्कूल को लॉकडाउन कर दिया गया है। घटना के बाद पहुंची पुलिस ने हर कमरे में जाकर वहां मौजूद लोगों को निकाला। ओरेगन के बेंड शहर में स्थित इस स्कूल में किंडरगार्टन से लेकर पांचवीं कक्षा तक छात्र पढ़ते हैं।
Home / News / अमेरिका के ओरेगन में प्राइमरी स्कूल में अंधाधुंध फायरिंग, 3 बच्चों समेत 5 की मौत, शूटर भी मारा गया
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website