Thursday , October 22 2026 8:13 PM
Home / Uncategorized / ‘दाऊद इब्राहिम की पाकिस्तान में कारगुजारियों को नजरअंदाज किया’, UN के विशेष दूत को भारत ने लिया आड़े हाथ

‘दाऊद इब्राहिम की पाकिस्तान में कारगुजारियों को नजरअंदाज किया’, UN के विशेष दूत को भारत ने लिया आड़े हाथ

भारत ने एक बार फिर वैश्विक मंच से दाऊद इब्राहिम को पाकिस्तान में शरण और आतंकी गतिविधियां करने की छूट मिलने पर नाराजगी जताई है। भारत ने इस पर सख्त रुख दिखाते हुए मानवाधिकारों की सुरक्षा पर संयुक्त राष्ट्र के विशेष प्रतिवेदक को निशाने पर लिया है। भारत का कहना है कि दाऊद इब्राहिम पाकिस्तान में बैठकर आतंक फैलाता रहा है लेकिन अहम वैश्विस संस्थाएं उस पर चुप्पी साधे बैठी हैं, जो कि ठीक रवैया नहीं है।
भारतीय राजनयिक रघु पुरी ने दाऊद इब्राहिम का मामला उठाते हुए मानवाधिकारों की सुरक्षा पर संयुक्त राष्ट्र के विशेष प्रतिवेदक बेन सॉल की ‘अक्षमता’ पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बेन ने पाकिस्तान में दाऊद इब्राहिम की मौजूदगी को नजरअंदाज किया है। पुरी ने कहा, ‘मानवाधिकार ढांचे का इस्तेमाल आतंकवाद फैलाने वालों और चरमपंथ को बढ़ावा देने वालों के बचाव के लिए नहीं किया जा सकता है।’
भारत ने पाकिस्तान को लिया आड़े हाथ – संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन में तैनात राजनयिक रघु पुरी ने संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने पाकिस्तान की शासन व्यवस्था और वैश्विक आतंकवादियों को पनाह देने के उसके इतिहास पर निशाना साधा, जिसमें 1993 के मुंबई बम धमाकों का मास्टरमाइंड दाऊद इब्राहिम प्रमुख है।
डी-कंपनी नाम के संगठित अपराध सिंडिकेट का सरगना दाऊद इब्राहिम भारत का सबसे वांछित (मोस्ट वांटेड) भगोड़ा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसे भारत को सौंपने की बार-बार मांग के बावजूद वह पाकिस्तान के कराची में कथित तौर पर कड़ी सुरक्षा के बीच रह रहा है। भारत ने बार-बार उसको सौंपने की बात कही है।
भारत में मोस्ट वॉन्टेड है दाऊद – दाऊद इब्राहिम भारत का कुख्यात गैंगस्टर और ड्रग लॉर्ड रहा है। वह 1993 के मुंबई बम धमाकों समेत हत्या, फिरौती और आतंकवाद के कई मामलों में भारत का ‘मोस्ट वांटेड’ अपराधी है। उसे संयुक्त राष्ट्र और भारत ने वैश्विक आतंकवादी घोषित किया है। खासतौर से मार्च 1993 को मुंबई में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों के लिए भारत को उसकी तलाश है।
मुंबई के 1993 के हमलों के समय वह भारत छोड़कर भाग गया। माना जाता है कि वह वर्तमान में पाकिस्तान के कराची में छिपा हुआ है। हालांकि पाकिस्तान ने इस पर चीजें साफ नहीं है कि हैं दाऊद को उसकी जमीन पर पनाह मिली हुई है कि नहीं। समय-समय पर आईं कई रिपोर्ट उसके कराची में होने का दावा करती रही हैं।