Thursday , October 22 2026 8:14 PM
Home / Uncategorized / ‘भारत से विवाद सुलझाने की जरूरत’, पूर्व पाकिस्तानी जनरल ने दी बड़े टकराव की चेतावनी, कश्मीर और सिंधु संधि पर भी बोले

‘भारत से विवाद सुलझाने की जरूरत’, पूर्व पाकिस्तानी जनरल ने दी बड़े टकराव की चेतावनी, कश्मीर और सिंधु संधि पर भी बोले


पाकिस्तान के वरिष्ठ रक्षा विशेषज्ञ ने इस्लामबाद को भारत के साथ विवादों को सुलझाने की सलाह दी है। इसके साथ ही चेतावनी दी कि विवाद का हल न करने से भविष्य में खतरनाक टकराव की स्थिति बन सकती है। पाकिस्तान के जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी के पूर्व चेयरमैन, जनरल (रि) जुबैर महमूद हयात ने कहा, किसी संकट को उसकी मूल वजहों को सुलझाए बिना खत्म करने से केवल अगले और अधिक खतरनाक टकराव की नींव पड़ती है।
रिटायर्ड जनरल ने यह बात इस्लामाबाद स्थित थिंक टैंक स्ट्रैटेजिक विजन इंस्टीट्यूट के एक कार्यक्रम में कही। थिंक टैंक से जारी एक बयान के अनुसार, जनरल हयात ने कश्मीर और सिंधु जल संधि का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि शंति के लिए कश्मीर मुद्दे का समाधान और सिंधु जल संधि को बहाल करना बहुत जरूरी है।
परमाणु डिटेरेंस युद्ध रोकने के लिए काफी नहीं – पाकिस्तान और भारत के बीच मई 2025 के टकराव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि परमाणु बम का डर युद्धों को नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि इस घटना ने दिखा दिया है कि भविष्य के टकरावों को रोकने के लिए केवल डिटरेंस पर निर्भर रहने की अपनी सीमाएं हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि “युद्ध के लिए कोई भी ऐसी जगह नहीं है, जिसे सुरक्षित माना जा सके।”
पूर्व पाकिस्तानी जनरल ने बताया भविष्य में खतरा – पूर्व पाकिस्तानी जनरल ने आगे कहा कि भविष्य में कोई भी संकट बिल्कुल अलग हालात में पैदा हो सकता है। इसमें नई तकनीकें, अलग राजनेता और फैसले लेने के लिए बहुत कम समय हो सकता है। इससे गलत आकलन और अनजाने में तनाव बढ़ने का खतरा काफी बढ़ जाता है।
जनरल हयात ने दक्षिण एशिया में अशांति के लिए संकट से निपटने के प्रभावी तंत्र और निरंतर राजनीतिक बातचीत की कमी को प्रमुख वजह बताया। उन्होंने कहा, यह क्षेत्र एक तरफ ऐसे डिटेरेंस के बीच है जो सबसे बुरे हालात को रोकता है, तो दूसरी तरफ ऐसे विवादों से घिरा है, जो बार-बार खतरा पैदा करते हैं।