
लॉस एंजेलिस। यौन उत्पीडऩ के मामलों में घिरे हॉलीवुड निर्माता हार्वे विंस्टीन को लेकर अपने बुरे अनुभव का खुलासा करने के बाद शुक्रवार को अभिनेत्री ग्वैनेथ पाल्ट्रो पहली बार सार्वजनिक रूप से नजर आईं। उन्होंने इस मामले में उनका (पाल्ट्रो) बड़े पैमाने पर समर्थन करने के लिए लोगों का आभार जताया है।
वेबसाइट ‘पीपुल डॉट कॉम’ के मुताबिक, पाल्ट्रो ने ‘वैराइटीज पावर ऑफ वीमेन एल.ए. लंचियोन’ के दौरान शुक्रवार को लोगों का शुक्रिया अदा किया। इस कार्यक्रम में अभिनेत्री मिशेल पेफर, गायिका केली क्लार्कसन, अभिनेत्री ओक्टेविया स्पेंसर, भारतीय अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा और फिल्म ‘वंडर वुमन’ की निर्देशक पेटी जेनकिंस भी शामिल हुईं।
पाल्ट्रो ने इस मौके पर कहा, ‘‘इस कमरे में कई ऐसी महिलाओं के साथ होना वास्तव में अद्भुत है जो बदलाव ला रही हैं और उन कार्यों को समर्थन दे रही हैं जो उनके लिए काफी मायने रखते हैं।’’
उन्होंने आगे कहा, ‘‘जैसा हर किसी ने कहा है, यह विशेष रूप से अब सही समय पर हुआ है। मैं आप सबके बीच होना बहुत सम्मान की बात मानती हूं और इस उद्योग में कई साल बिताने के बाद इस हफ्ते कई लोगों का समर्थन मिलने से और साथ आने से बहुत सम्मानित महसूस कर रही हूं, इसलिए आप सबका बहुत धन्यवाद।’’
\पाल्ट्रो उन महिलाओं में से एक हैं, जिन्होंने विंस्टीन पर यौन दुराचार करने का आरोप लगाया है। अभिनेत्री कारा डेलविंग्ने, एशले जड और एंजेलिना जोली भी निर्माता पर इस तरह के आरोप लगा चुकी हैं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website