Thursday , October 1 2026 7:51 PM
Home / Sports / पाकिस्तान की घनघोर बेइज्जती, अंडर-19 खिलाड़ियों को समझ लिया घुसपैठिया, होटल के बाहर भीड़ ने वापस भेजने के नारे लगाए

पाकिस्तान की घनघोर बेइज्जती, अंडर-19 खिलाड़ियों को समझ लिया घुसपैठिया, होटल के बाहर भीड़ ने वापस भेजने के नारे लगाए


पाकिस्तान को इंग्लैंड में एक बार फिर बेइज्जती का सामना करना पड़ा है। पोर्ट्समाउथ शहर में कुछ लोगों ने पाकिस्तान की अंडर-19 टीम के खिलाड़ियों को घुसपैठिया या शरणार्थी समझ लिया। इसके बाद स्थानीय लोग होटल के बाहर जुट गए और उनके विरोध में प्रदर्शन करने लगे। बाद में प्रदर्शनकारियों को बताया गया कि होटल में ठहरे लोग शरणार्थी या घुसपैठिये नहीं हैं। ये सभी लोग पाकिस्तान अंडर-19 टीम के खिलाड़ी और स्टाफ हैं। इसके बाद मामला शांत हुआ।
होटल के बाहर लगभग 40 लोग जुट गए। इनके चेहरे ढंके हुए थे। इन लोगों ने कहा कि इन्होंने कुछ लोगों का एक ग्रुप देखा है, जो होटल के अंदर गया है। ये लोग शरणार्थी हो सकते हैं। ऐसे में इलाके के काउंसलर को मौके पर बुलाया गया। उन्होंने होटल के मैनेजर से बात की। मैनेजर ने बताया कि होटल में रुके लोग पाकिस्तान अंडर-19 टीम के खिलाड़ी हैं। यह टीम इंग्लैंड के दौरे पर है और मैरियट होटल को अपना बेस बनाया है। काउंसलर ने टीम के कोच से भी बात की और उन्हें सबूत दिखाए गए कि होटल में रुके लोग क्रिकेटर हैं। काउंसलर ने घटना पर खेद प्रकट किया और कहा कि गलतफहमी दूर होने के कुछ मिनट बाद ही सभी लोग घटनास्थल से चले गए।
क्यों हुई गलतफहमी? – काउंसलर ने बताया कि पाकिस्तान की टीम ने आने-जाने के लिए जिस कंपनी का इस्तेमाल किया था, वही कंपनी कुछ दिन पहले पोर्ट्समाउथ शहर में बोट से शरणार्थियों को लेकर आई थी। इसी वजह से स्थानीय लोगों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों को शरणार्थी समझ लिया। लोगों को लगा कि शरणार्थियों का एक और ग्रुप शहर में आ चुका है। इसी वजह से उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया।
पोर्ट्समाउथ में घुसपैठियों की समस्या – पोर्ट्समाउथ में घुसपैठियों की समस्या बनी हुई है। हाल ही में फ्रांस से कुछ शरणार्थी बोट के जरिए इंग्लैंड के पोर्ट्समाउथ शहर पहुंचे थे। इसके बाद स्थानीय लोगों ने विरोध किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने पीसीबी के साथ खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर बात की है। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड अब बचे हुए दौरे के लिए खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर इंतजामों का रिव्यू कर रहा है।