
लॉस एंजलिस। गोल्डन ग्लोब के 75वें संस्करण में अपनी बहू कैथरिन जीटा जोन्स के साथ पुरस्कार देने आए 101 वर्षीय हॉलीवुड लेजेंड किर्क डगलस के मंच पर पहुंचते ही वातावरण तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा। व्हीलचेयर पर मंच पर पहुंचने से पहले डगलस द्वारा ‘स्पार्टाकस’, ‘लस्ट फॉर लाइफ’ और ‘डिटेक्टिव स्टोरी’ जैसी फिल्मों में निभाए गए किरदारों के साथ उनके करियर के कुछ खास पलों की एक झलक दिखाई गई। वह जीटा-जोन्स के साथ बेस्ट मोशन पिक्चर पटकथा के लिए पुरस्कार पेश करने के लिए पुरस्कार समारोह का हिस्सा बने थे।
रविवार को सभी ने खड़े होकर तालियों के साथ सिनेमा में उनके योगदान की सराहना की और मंच पर उनका स्वागत किया। डगलस ने अपने करियर की शुरुआत 1946 में ‘द स्ट्रेंज लव ऑफ मार्था आईवर्स’ से की थी और हॉलीवुड में अपना एक विशेष स्थान बनाया।
जीटा जोन्स ने भी अपने ससुर के करियर की प्रशंसा की। मंच पर मिले स्वागत से डगलस चकित हो गए और उन्होंने अपने चेहरे को हाथों से ढक लिया। उन्होंने कुछ कहा भी, लेकिन उसमें से ज्यादातर सुनाई नहीं दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘कैथरीन आपने सब कुछ कह दिया…मैं कुछ नहीं कहना चाहता, क्योंकि मैं आपको दोहराना नहीं चाहता हूं।’’
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website