Sunday , February 22 2026 8:23 AM
Home / Entertainment / डेमी लोवेटो ने संगीत कार्यक्रम में की इस पर खुलकर बात

डेमी लोवेटो ने संगीत कार्यक्रम में की इस पर खुलकर बात


लॉस एंजेलिस। अमेरिका गायिका डेमी लोवेटो ने अपने नशे की लत से जूझने और फिर इससे छुटकारा पाने के बारे में ब्रुकलिन में एक संगीत कार्यक्रम के दौरान खुलकर बात की। वह छह साल सेनशे से दूर हैं।

वेबसाइट ‘फीमेलफस्र्ट डॉट को डॉट यूके’ के मुताबिक, 25 वर्षीय गायिका नशे की लत और ईटिंग डिसऑर्डर से छुटकारा पाने के लिए पुनर्वास केंद्र जाने के बाद से छह साल से इनसे दूर हैं। शुक्रवार को ब्रुकलिन में शो के दौरान उन्होंने उनकी जिंदगी बचाने में मदद के लिए प्रशंसकों का आभार जताया और जिस स्थिति से वह गुजरी हैं, वैसी स्थिति से गुजर रहे लोगों को मदद मांगने के लिए प्रोत्साहित किया।

डेमी ने मंच पर कहा, ‘‘कल, छह साल पहले, सुबह नौ बजे मैं स्प्राइट की बोतल से वोदका पी रही थी और कार में उल्टी कर रही थी और मुझे याद है मैंने सोचा, ‘यह अच्छा नहीं है, मजेदार नहीं है और मैं बस अपने पिता की तरह हूं।’ तो मैंने अपनी जीवनशैली पर नजर डाली और कहा ‘कुछ चीजों को बदलने की जरूरत है, मुझे संयम रखना होगा’ और मैंने ऐसा किया।’’
गायिका ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में बदलाव किया और वह इस कहानी को लेकर इसलिए मुखर हुई हैं क्योंकि वह जानती हैं कि कार्यक्रम में ऐसे लोग मौजूद हैं जिन्हें मदद मांगने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य के बारे में सभी को बात करने की जरूरत है।

लोवेटो ने कहा कि इस बारे में जागरूकता फैलानी चाहिए और हर किसी को जानना चाहिए कि मानसिक अस्वस्थता या नशे की लत से छुटकारा पाया जा सकता है।