Wednesday , March 25 2026 4:19 AM
Home / Entertainment / मैकगोवन को गर्भपात के फैसले पर पछतावा नहीं

मैकगोवन को गर्भपात के फैसले पर पछतावा नहीं

अमेरिकी अभिनेत्री रोज मैकगोवन ने गर्भपात कराने की बात स्वीकार की है और कहा कि उन्हें इस फैसले का कोई पछतावा नहीं है।

‘एसशोबिज डॉट कॉम’ के मुताबिक, फिल्म ‘ग्राइंडहाउस’ की अभिनेत्री ने शुक्रवार को ट्विटर पर एक आंकड़े पर प्रतिक्रया देते हुए अपने इस फैसले के बारे में बताया। आंकड़े में कहा गया था कि चार में से एक महिला 45 साल की उम्र के पहले एक गर्भपात करा लेती है।

रोज (45) ने लिखा, ‘‘मैंने एक बार गर्भपात कराया था और मैं इस मैसेज का समर्थन करती हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं शर्मिंदा नहीं हूं और आपको भी नहीं होना चाहिए। गर्भपात कराने वाली 60 फीसदी महिलाएं पहले से मां थीं जो काफी कुछ कह जाता है कि वे किसी और की अपेक्षा ज्यादा समझती हैं। मैं बर्थ कंट्रोल पर थी और यह फेल हो गया। मुझे लगा कि मैं अपनी दुनिया में एक बच्चे को नहीं ला सकती और अपनी दुनिया नहीं बदल सकती।’’

रोज ने इसका खुलासा नहीं किया कि उन्होंने कब गर्भपात कराया था लेकिन उन्होंने कहा कि उन्हें इसका कोई पछतावा नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे अपने फैसले पर कोई पछतावा नहीं है और यह सोच-समझकर लिया गया था। अगर आप गर्भपात नहीं कराना चाहती तो नहीं कराए। मेरा शरीर, मेरी पसंद, मेरी जिंदगी।’’