
दक्षिण कोरिया में अमेरिकी राजदूत ने यह कहते हुए अपनी विवादित मूंछें मुड़वा ली हैं कि भीषण गर्मी में कोरोना वायरस से बचने के लिए मास्क लगाने के साथ मूंछें रखने में परेशानी हो रही थी। हैरी हैरिस की मूंछें मीडिया और ऑनलाइन टिप्पणी करने वालों के बीच चर्चा का विषय रही हैं। अमेरिकी राजदूत की मूंछों की तुलना क्रूर जापानी औपनिवेशिक शासकों से की गई थी।
जापानी औपनिवेशिक शासकों ने कोरियाई प्रायद्वीप पर 1910 से 1945 तक शासन किया था। हैरिस नौसेना से सेवानिवृत्त एडमिरल हैं और उन्हें जुलाई 2018 में राजदूत बनाया गया था। जनवरी में हैरिस ने स्वीकार किया था कि यहां के लोगों में उनकी मूंछों को लेकर दिलचस्पी है। उन्होंने यह भी कहा था कि उनकी जातीय पृष्ठभूमि की जापानी-अमेरिकी के रूप में आलोचना की जा रही है।
हैरिस ने सियोल में एक नाई की दुकान से लौटने के बाद शनिवार को ट्वीट किया, ‘मुझे खुशी है कि मैंने ऐसा किया।’ उन्होंने लिखा, ‘मुझे मास्क और मूंछ में से एक को चुनना था। सियोल में बहुत गर्मी और उमस है। कोविड संबंधी दिशा-निर्देश का पालन करना आवश्यक है और मैंने मास्क लगा लिया है।’ जॉन्स हॉपकिंस विश्वविद्यालय के अनुसार दुनिया में कोरोना वायरस मामलों की कुल संख्या 1.64 करोड़ से अधिक हो चुकी है।
विश्वविद्यालय के ताजा अपडेट के अनुसार, मंगलवार सुबह तक दुनिया में कुल मामलों की संख्या 1,64,07,310 थी, जबकि मृत्यु संख्या बढ़कर 6,52,459 हो गई थी। सीएसएसई के अनुसार, अमेरिका में दुनिया के सबसे अधिक 42,87,974 मामले और 1,48,009 मौतें दर्ज हो चुकी हैं। इसके बाद ब्राजील में यही आंकड़े क्रमश: 24,42,375 और 87,618 हैं। संक्रमण की संख्या के मामले में दुनिया में तीसरे नंबर पर भारत (14,35,453) है। इसके बाद रूस (8,16,680), दक्षिण अफ्रीका (4,52,529), मैक्सिको (3,95,489), पेरू (3,75,961), चिली (3,47,923), यूके (3,01,706), ईरान (2,93,606), पाकिस्तान (2,74,289) का नंबर है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website