
हॉन्ग कॉन्ग में विवादित राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लागू करने के बाद चीन ने नया पैंतरा चलते हुए इस साल होने वाले विधान परिषद चुनावों को एक साल के लिए टाल दिया है। हॉन्ग कॉन्ग की नेता कैरी लाम ने शुक्रवार को घोषणा की कि सरकार कोरोना वायरस संक्रमण के तेजी से फैलने के मद्देनजर बहुप्रतीक्षित विधान परिषद चुनावों को एक साल के लिए स्थगित करेगी।
हॉन्ग कॉन्ग सरकार के फैसले को चीन का समर्थन
हॉन्ग कॉन्ग सरकार चुनाव स्थगित करने के लिए आपातकालीन अध्यादेश लागू कर रही है। लाम ने कहा कि इस निर्णय में उन्हें चीन सरकार का समर्थन प्राप्त है। लाम ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मुझे आज जो घोषणा करनी पड़ी है, वह मेरे लिए पिछले सात महीने में सबसे मुश्किल फैसला था। उन्होंने कहा कि लोगों का स्वास्थ्य, उनकी सुरक्षा और चुनावों की निष्पक्षता सुनिश्चित करने की आवश्कता है।
लोकतंत्र समर्थक विपक्ष के लिए बड़ा झटका
चुनाव स्थगित किए जाने का फैसला लोकतंत्र समर्थक विपक्ष के लिए बड़ा झटका है। विपक्ष इस चुनाव में चीनी समर्थकों से जनता का मोहभंग होने का लाभ उठाने की आस लगाए बैठा था। इस घोषणा से पहले 22 नेताओं ने एक बयान जारी करके सरकार पर आरोप लगाया था कि वह चुनाव में देरी करने के लिए संक्रमण का बहाना बना रही है। हॉन्ग कॉन्ग में शुक्रवार तक कोरोना वायरस संक्रमण के 3,273 मामले सामने आ चुके हैं।
लोकतंत्र समर्थक प्राइमरी चुनाव में 6 लाख लोगों ने किया था मतदान
जुलाई के शुरुआत में ही हॉन्ग कॉन्ग के लोकतंत्र समर्थकों ने दो दिवसीय एक अनाधिकारिक प्राइमरी चुनाव का आयोजन किया था। सरकार के चेतावनी देने और भीषण गर्मी के बावजूद इस चुनाव में लगभग 6 लाख लोगों ने मतदान किया था। इसी के परिणाम के आधार पर लोकतंत्र समर्थक आगामी चुनाव में अपने उम्मीदवारों का ऐलान करने वाले थे।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website