Sunday , April 26 2026 10:09 AM
Home / News / ट्रंप बोले- “कमला हैरिस काबिल नहीं, इवांका बनें देश की पहली महिला राष्ट्रपति”

ट्रंप बोले- “कमला हैरिस काबिल नहीं, इवांका बनें देश की पहली महिला राष्ट्रपति”


अमेरिका में नवंबर में होने वाले राष्ट्रपति चुनावों को लेकर गहमागहमी का माहौल है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और विपक्षी पार्टी के नेता व मुख्य उम्मीदवार जो बिडेन के बीच बयानबाजी का सिलसिला तेज हो गया है। अक्सर विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले राष्ट्रपति ट्रंप ने अब एक और चौंकाने वाला बयान दिया है। न्यू हैम्पशायर में समर्थकों को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा- मुझे नहीं लगता कि कमला हैरिस उपराष्ट्रपति बनने के काबिल हैं। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि मेरी बेटी और एडवाइजर इवांका ट्रप को अमेरिका की पहली महिला राष्ट्रपति बनना चाहिए। हैरानी की बात यह है कि इस दौरान ट्रंप तुलना तो वाइस प्रेसिडेंट कैंडिडेट्स की कर रहे थे, लेकिन सीधे राष्ट्रपति पर आ गए।

उन्होंने कहा- डेमोक्रेटिक पार्टी सिर्फ अमेरिकी लोगों को सपने दिखा सकती है, ये कभी पूरे नहीं हो सकते। ट्रंप ने कमला हैरिस की काबिलियत पर सीधे सवाल उठाए। कहा- वे तो राष्ट्रपति बनने की रेस में शामिल थीं लेकिन, अब उपराष्ट्रपति बनने की कोशिश कर रही हैं। मुझे लगता है कि मेरी बेटी और एडवाइजर इवांका इस पद के लिए ज्यादा बेहतर उम्मीदवार हैं। मैं ये भी कहूंगा कि इवांका ही अमेरिका की पहली महिला राष्ट्रपति बनें। इस रोल के लिए वे सबसे ज्यादा बेहतर उम्मीदवार हैं। अब तो लोग भी कहने लगे हैं कि वो इवांका को इन महत्वपूर्ण पदों पर देखना चाहते हैं। इसमें कमला की कोई गलती नहीं है।
रिपब्लिकन पार्टी के कन्वेंशन में भी ट्रंप ने जो बिडेन पर निशाना साधा था। इसके बाद उन्होंने कमला हैरिस पर भी तंज कसा था। रिपब्लिकन पार्टी का आरोप है कि हैरिस अमेरिका में नस्लवाद को बढ़ावा दे रही हैं और डेमोक्रेट्स उनका साथ दे रहे हैं। वो एशियाई और अफ्रीकी अमेरिकी लोगों के बीच भी दूरिया बढ़ा रहे हैं। ट्रम्प का आरोप है कि अमेरिकी मीडिया का एक हिस्सा जानबूझकर उन्हें निशाना बनाता है क्योंकि वे सही बात कहते हैं।
सीनेटर रैंड पॉल के साथ अभद्रता करने वालों को जरूर गिरफ्तार किया जाएगा: ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वाशिंगटन में सीनेटर रैंड पॉल और उनकी पत्नी को धमकी देने वाले नाराज प्रदर्शनकारियों को अवश्य और यथाशीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। ट्रंप ने शनिवार को ट्वीट कर कहा, ‘‘व्हाइट हॉउस के राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में सीनेटर रैंडपॉल और उनकी बेहतरीन पत्नी केली के साथ अभद्रता करने वाले लोगों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इसके लिए पुख्ता प्रमाण हैं।” श्री पॉल ने शुक्रवार को कहा कि वाशिंगटन में जब वह ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी की उम्मीदवारी स्वीकार करने के बाद सभा से वापस जा रहे थे, तभी एक गुस्साई भीड़ ने उनके साथ अभद्रता की जिसके बाद तुरंत पुलिस ने उनकी जान बचाई। फॉक्स न्यूज ने एक वीडियो जारी किया है जिसमें पुलिस घेरा बनाकर श्री पॉल और उनकी पत्नी का बचाव कर रही है। श्री पॉल ने चेताया कि भविष्य में अगर जो बिडेन अमेरिका के राष्ट्रपति बनते हैं तो सड़कों पर इस तरह के और हमले बढ़ सकते हैं।