
दक्षिणी जापान में 5800 गायों को लेकर जा रहा एक जहाज बुधवार को डूब गया। इस जहाज पर चालक दल के 43 सदस्य सवार थे। जहाज ने लापता होने से पहले खराब मौसम के बीच संकट में फंसे होने का संदेश भेजा था। तटरक्षक अधकिारियों ने बताया कि तट रक्षकों ने बुधवार की देर रात चालक दल के एक सदस्य को पानी में से बचा लिया था।
फिलीपीन्स के रहने वाला यह चालक दल का सदस्य चलने में सक्षम है और उसका स्वास्थ्य ठीक है। उन्होंने बताया कि इससे पहले जापानी नौसेना के पी—3सी निगरानी विमान ने पाया कि जीवन रक्षक जैकेट पहने एक व्यक्ति पानी में बचने की मशक्कत कर रहा है। गल्फ लाइवस्टॉक 1 जहाज ने बुधवार को तड़के संकट संदेश भेजा था। करीब 11,947 टन वजन वाला यह जहाज 5,800 गायों को लेकर पूर्वी चीन सागर में अमामी ओशिमा के तट के नजदीक से गुजर रहा था।
संकट में होने का संदेश क्यों भेजा गया था, इसका पता तुरंत नहीं चल पाया है लेकिन इलाके में मेसक टाइफून के कारण मौसम खराब था। जहाज में सवार चालक दल के अन्य सदस्यों में 38 फिलीपीन्स, दो न्यूजीलैंड और एक आस्ट्रेलिया का नागरिक है। बाकी बचे चालक दल के सदस्यों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान जारी है। इसमें 5 विमान और प्रशिक्षित गोताखोर भी शामिल हैं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website