
कपड़ों या टाइल्स पर लगे तेल के दाग को निकालना बहुत ही आसान काम है। लेकिन यदि तेल पेंट हुए दीवारों पर लग जाए तो बहुत बड़ी समस्या हो जाती है। कई बार तो यह दाग दोबारा पेंट करने बाद भी नजर आते रहते हैं। इस समस्या से आमतौर पर वह लोग ज्यादा परेशान होते हैं, जिनके किचन की दीवारों पर टाइल्स नहीं लगे होते हैं। क्योंकि खाना बनाते समय तेल के छींटे बहुत ज्यादा उठते हैं, जिससे पास की दीवार और जगह चिपचिपी और दागदार हो जाती है।
वैसे तो कई लोग इसे छिपाने के लिए दीवार को गाढ़े कलर से पेंट कर देते हैं। लेकिन यहां बताए गए उपाय से आप इसे आसानी से घर में रखी चीजों से मिनटों में हटा सकते हैं।
बेकिंग सोडा से निकालें दीवार से तेल के सूखे दाग – बेकिंग सोडा दीवार से तेल के दाग को हटाने का सबसे अच्छा घरेलू उपाय है। इसके लिए बेकिंग सोडा को पानी के साथ मिलाकर एक पेस्ट तैयार करें। फिर दाग लगे स्थान पर इसे अच्छी तरह से लगाकर 15-20 मिनट के लिए छोड़ दें। फिर इसे साफ कपड़े और पानी से अच्छी तरह से पोंछ लें। सुखने पर आपको तेल का जरा सा भी दाग नहीं दिखेगा।
लिक्विड डिश वॉश से हटाएं तेल के दाग – यदि आप दीवार पर लगे तेल के दाग को हटाने के लिए सस्ते उपाय को तलाश रहे हैं, तो लिक्विड डिशवॉश एक बेहतरीन चीज है।
इसे दाग पर सीधे लगाएं और धोने से पहले इसे एक घंटे तक लगा रहने दें। बेहतर परिणाम के लिए आप डिशवॉश को गर्म पानी में मिलाकर इस्तेमाल कर सकते हैं। अंत में दीवार से मिश्रण को हटाते समय साफ पानी में भीगे कपड़े को हल्के हाथों से रगड़ना न भूलें।
विनेगर से दूर करें दीवार से तेल के दाग – कुकिंग में इस्तेमाल होने वाला विनेगर सफाई को भी बहुत आसान बना देता है। इसकी मदद से आप बदबू हो या फिर ग्रीस जैसे जिद्दी दाग मिनट भर में सबसे छुटकारा पा सकते हैं।
ऐसे में दीवार से तेल के दाग हटाने के लिए बराबर मात्रा में विनेगर और पानी को मिलाएं और इसे स्पंज या कपड़े से तेल के दाग पर लगाएं। 10-15 मिनट तक इसे लगा छोड़ने के बाद एक गीले कपड़े से अच्छी तरह से पोंछ लें।
दाग लगे कपड़ो को ऐसे करें साफ – यदि दीवार पर तेल का दाग ज्यादा मात्रा में लगा हुआ है, तो इसपर पतले कागज को रखकर प्रेस से या फिर हेयर ड्रायर से अच्छी तरह से गर्म कर लें। ऐसा करने से सारा जमा हुआ चिपचिपा तेल पिघलकर निकलने लगेगा। अंत में ऊपर बताए गए किसी भी एक उपाय से दीवार को अच्छी तरह से साफ कर लें।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website