Wednesday , March 18 2026 12:11 AM
Home / Uncategorized / अजरबैजान के राष्ट्रपति ने कहा, हम शांति समझौते के लिए अर्मीनिया से वार्ता को तैयार

अजरबैजान के राष्ट्रपति ने कहा, हम शांति समझौते के लिए अर्मीनिया से वार्ता को तैयार


अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलियेव ने रविवार को कहा कि उनका देश अलग हुए नागोर्नो-काराबाख पर दोबारा नियंत्रण करने के बाद भावी शांति संधि के लिए अर्मीनिया से वार्ता को तैयार है।
राष्ट्रपति ने यह बयान जॉर्जिया की यात्रा के दौरान दिया। इससे पहले उन्होंने स्पेन के ग्रानाडा में आयोजित यूरोपीयन शिखर सम्मेलन में आर्मीनिया के प्रधानमंत्री निकोल पशिनयान से तय मुलाकात करने से इनकार कर दिया था जबकि बृहस्पतिवार को यूरोपीय संघ ने इस संबंध में मध्यस्थता की कोशिश की थी।
तबिलिसी में रविवार को जॉर्जिया के प्रधानमंत्री इराकली गरिबश्विली से मुलाकात के बाद अलियेव ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि वह जॉर्जिया की मध्यस्थता की कोशिश के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि अजरबैजान शांति समझौते से जुड़े मुद्दों पर चर्चा में शामिल होने को तैयार है बशर्ते आर्मीनिया हिस्सा ले।
अलियेव ने कहा, ‘‘कई देश और कुछ अंतरराष्ट्रीय संगठन आर्मीनिया और अजरबैजान के रिश्तों को सामान्य करने की प्रक्रिया में सहयोग की कोशिश कर रहे हैं। हम किसी भी मध्यस्थता और सहायता का स्वागत करेंगे अगर वह एकपक्षीय नहीं हो।’’
उन्होंने जोर देकर कहा कि जॉर्जिया जिसकी सीमा आर्मीनिया और अजरबैजान से लगती है, भावी शांति संधि वार्ता के लिए बेहतरीन मेजबान होगा।