Wednesday , April 22 2026 12:12 AM
Home / Uncategorized / सीएम बनने के लिए 500 करोड़ का सूटकेस, नवजोत कौर सिद्धू ने कराई कांग्रेस की किरकिरी, सुनील जाखड़ ने भी धागे खोले

सीएम बनने के लिए 500 करोड़ का सूटकेस, नवजोत कौर सिद्धू ने कराई कांग्रेस की किरकिरी, सुनील जाखड़ ने भी धागे खोले


कांग्रेस में नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी के बयान पर घमासान मचा है। उन्होंने कांग्रेस में सीएम पोस्ट को 500 करोड़ में बिकाऊ बताया है। उनके इस बयान पर कांग्रेस में रहे बीजेपी नेता सुनील जाखड़ ने भी मुहर लगा दी है। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस में गैर सिख होने के कारण उन्हें सीएम बनने का मौका नहीं मिला।
कांग्रेस के नेता नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब विधानसभा चुनाव के बाद से राजनीति से दूर हैं। अब उनकी पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने पति की राजनीति में वापसी के साथ पार्टी बदलने के संकेत दिए हैं। इस बदलाव से पहले उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर ‘सीएम पद के लिए 500 करोड़ के सूटकेस’ लेने का आरोप लगाया है। नवजोत कौर के इस दावे के बाद बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने भी कांग्रेस पर तगड़ा हमला बोला। जाखड़ ने कहा कि कांग्रेस में सीएम बनने के लिए कई पैमाने हैं। इसमें एक मापदंड सिक्ख होना भी है, जिस पर सिद्धू खरे उतरते हैं। बता दें कि 2021 में कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफे के बाद सुनील जाखड़ भी सीएम की रेस में थे। तब अंबिका सोनी ने पंजाब का मुख्यमंत्री हिंदू बनाए जाने पर आपत्ति जताई थी।
सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर ने क्या कहा – शनिवार को नवजोत कौर सिद्धू ने पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की। फिर उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के बाद कांग्रेस नेतृत्व को निशाने पर लिया। नवजोत कौर ने कहा कि कांग्रेस में जो 500 करोड़ रुपये का सूटकेस देता है, वह सीएम बन जाता है। उन्होंने कहा कि हमारे पास सीएम की कुर्सी पर बैठने के लिए 500 करोड़ रुपये नहीं हैं। अगर कोई भी पार्टी नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब को बेहतर बनाने की शक्ति देती है, तो हम परिणाम देंगे और राज्य को एक स्वर्णिम पंजाब में बदल देंगे। उनका इशारा साफ था कि सिद्धू अब सीएम चेहरा बनने की शर्त पर राजनीति में दोबारा सक्रिय हो सकते हैं।