Sunday , August 16 2026 10:20 PM
Home / Uncategorized / कॉल पर 900 लोगों को नौकरी से निकालने वाले CEO पर एक्शन, खुद ही जॉब से हो गई छुट्टी

कॉल पर 900 लोगों को नौकरी से निकालने वाले CEO पर एक्शन, खुद ही जॉब से हो गई छुट्टी


भारतीय-अमेरिकी एंटरप्रेन्योर विशाल गर्ग साल 2021 में क्रिसमस से ठीक पहले तीन मिनट की जूम कॉल पर 900 कर्मचारियों को नौकरी से निकालकर ‘बेरहम कॉर्पोरेट छंटनी ‘ के वैश्विक प्रतीक बन गए थे। अब खुद उनकी ही नौकरी चली गई है। गर्ग को बेटर होम एंड फाइनेंस के चीफ एग्जीक्यूटिव (CEO) के पद से हटा दिया गया है। इस पर दुनियाभर से कई तरह की प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
गर्ग को अगस्त की शुरुआत में हटाया गया, जब एक हफ्ते पहले बोर्ड में शामिल हुए डेनियल लुईस को अंतरिम CEO बनाया गया। बेटर के बोर्ड ने कहा कि गर्ग को छोड़कर बाकी सभी डायरेक्टरों ने सर्वसम्मति से उन्हें हटाने के पक्ष में वोट दिया। पूरे बोर्ड ने गर्ग के फैसले लेने के तरीके और स्वभाव पर चिंता जताई। 2022 से 1.5 बिलियन डॉलर के नुकसान और स्टॉक की कीमत में 90 फीसदी गिरावट का भी जिक्र किया गया।
कॉर्पोरेट की अजीब कहानी – विशाल गर्ग की बर्खास्तगी गर्ग की असाधारण कॉर्पोरेट कहानी में एक नया मोड़ है। उन्होंने पारंपरिक मॉर्गेज प्रक्रिया से निराश होकर ‘बेटर’ की शुरुआत की थी। भारत में जन्मे और न्यूयॉर्क में पले-बढ़े गर्ग ने स्टुयवेसेंट हाई स्कूल और न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी के स्टर्न स्कूल ऑफ बिजनेस से पढ़ाई की। इससे पहले उन्होंने ऑनलाइन स्टूडेंट लेंडर माईरिचअंकल की सह-स्थापना की थी और 2014 में ‘बेटर’ की शुरुआत की थी।
कर्मचारियों के साथ उनके बर्ताव ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बदनाम कर दिया। दिसंबर 2021 में गर्ग ने ज़ूम कॉल पर अचानक 900 से ज्यादा कर्मचारियों को बताया कि उन्हें नौकरी से निकाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी नौकरी तत्काल प्रभाव से खत्म की जा रही है। इसके बाद मचे हंगामे के बीच वे छुट्टी पर चले गए और फिर CEO के तौर पर लौटे।
‘नौकरी से निकालना गलत था’ – पांच साल बाद गर्ग मानते हैं कि उस घटना ने बेटर की प्रतिष्ठा को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया। हालांकि उनका कहना है कि उन्हें ठीक तब हटाया गया, जब कंपनी सुधार की ओर बढ़ रही थी। सीएनएन के साथ एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि हम जीत रहे हैं। हमने लोन वॉल्यूम को तीन गुना कर दिया है। हम मुनाफा कमाने के करीब हैं। उन्होंने बिजनेस को फिर से खड़ा करने के बाद बेटर की स्थिति को 5-यार्ड लाइन पर बताया।
महामारी के दौरान रीफाइनेंसिंग बूम के समय जिस कंपनी की वैल्यूएशन 8 बिलियन डॉलर थी, उसकी मार्केट वैल्यू अब 300 मिलियन डॉलर है। सालाना बिक्री 2021 में 1.5 अरब डॉलर से गिरकर 2023 में 70 मिलियन हो गई। गर्ग का कहना है कि 2026 तक रेवेन्यू 200 मिलियन पहुंचने की राह पर है। ‘बेटर’ ने मॉर्गेज प्रोसेसिंग को ऑटोमेट करने के लिए AI पर भरोसा किया है और होम-इक्विटी लेंडिंगके क्षेत्र में कारोबार बढ़ाया है।
विशाल गर्ग चुप नहीं – गर्ग अपनी बर्खास्तगी को चुपचाप स्वीकार नहीं कर रहे हैं। वे CEO का पद वापस पाने के लिए एक लॉ फर्म की मदद ले रहे हैं और ‘बेटर’ के मुनाफे में आने तक 1 डॉलर सालाना वेतन पर काम करने का प्रस्ताव दे रहे हैं। उनका कहना है कि उन्हें खास वोटिंग अधिकार वाले शेयरहोल्डर्स का समर्थन हासिल है। उन्होंने कहा कि यह इस बात की स्वीकारोक्ति है कि मैं 10 साल से यह काम कर रहा हूं। मुझे लगता है कि ‘बेटर’ का भविष्य उज्ज्वल है।