Sunday , June 21 2026 6:47 AM
Home / News / कोरोना का अगला निशाना बनेगा अफ्रीकाः 3 लाख लोगों की जाएगी जान, 1 करोड़ होंगे संक्रमित

कोरोना का अगला निशाना बनेगा अफ्रीकाः 3 लाख लोगों की जाएगी जान, 1 करोड़ होंगे संक्रमित


विश्‍व स्‍वास्‍थ्‍य संगठन (WHO ) ने चेतावनी दी है कि कोरोना वायरस महामारी का अगला केंद्र अफ्रीका बन सकता है क्योंकि पिछले हफ्ते यहां मामलों में आग की तरह तेजी दर्ज की गई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अफ्रीका में कोरोना वायरस से अब तक लगभग 1,000 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 18 हजार से ज्‍यादा संक्रमित हैं। हालांकि, ये मामले अमेरिका और यूरोप के इलाकों से कम हैं लेकिन WHO के अफ्रीका क्षेत्र के निदेशक मत्सीदिसो मोइती की मानें तो दक्षिण अफ्रीका, नाइजीरिया, आइवरी कोस्ट, कैमरून और घाना में राजधानी शहरों से दूरदराज के इलाकों तक तेजी से फैल रहा है।
संयुक्त राष्ट्र आर्थिक आयोग की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि अफ्रीका में कोरोना वायरस के संक्रमण से लगभग 3 लाख लोगों की मौत हो सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, अभी सामान्य स्थिति रही तो तीन लाख लोगों की मौत हो सकती है लेकिन यदि हालात बेहद खराब हुए और इस जानलेवा वायरस को रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया तो अफ्रीका में 33 लाख लोगों की जान जा सकती है। यही नहीं करीब 1. 20 करोड़ लोग संक्रमित हो सकते हैं।
संयुक्‍त राष्‍ट्र की यह रिपोर्ट बेहद डराने वाली है। इम्पेरियल कॉलेज लंदन के मॉडल के आधार पर की गई गणना के हिसाब से संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट में बताया गया है कि इस महाद्वीप पर यदि सामाजिक दूरी का पालन अच्छी तरह किया जाए और हालात ठीक भी रहते हैं तो 12.2 करोड़ से ज्यादा लोग संक्रमण के शिकार हो सकते हैं। विशेषज्ञों ने चेताया है कि अफ्रीका की कमजोर स्वास्थ्य प्रणाली के लिए यह बेहद हाहाकारी होगा। अफ्रीका में विशेषज्ञों का कहना है कि संक्रमण के अब तक 18 हजार मामले सामने आए हैं और संख्या में बढ़ोतरी भी जारी है।