Wednesday , September 30 2026 7:38 AM
Home / Uncategorized / ब्रिटेन में अचानक थमा हवाई सफर, एयर ट्रैफिक कंट्रोल में खराबी, 300 से अधिक उड़ानें रद्द

ब्रिटेन में अचानक थमा हवाई सफर, एयर ट्रैफिक कंट्रोल में खराबी, 300 से अधिक उड़ानें रद्द


ब्रिटेन की हवाई यातायात नियंत्रण प्रणाली (ATC) में तकनीकी गड़बड़ी के कारण मंगलवार को करीब 300 उड़ान रद्द कर दी गईं। ब्रिटेन की राष्ट्रीय हवाई यातायात सेवा (NATS) ने मंगलवार दोपहर बताया था कि उसके इंजीनियर गड़बड़ी को दूर करने के लिए काम कर रहे हैं। उसने कहा कि इस समस्या का असर उड़ानों के प्रस्थान पर पड़ रहा था। एनएटीएस ने कहा कि स्थिति सामान्य होने में कुछ समय लगेगा। फ्लाइटरडार24 के अनुसार, इस गड़बड़ी से ब्रिटिश एयरवेज और ईजीजेट समेत कई विमानन कंपनियों की उड़ानें प्रभावित हुईं।
ब्रिटेन में 300 से अधिक उड़ाने रद्द – फ्लाइट मॉनिटरिंग वेबसाइट फ्लाइटराडार24 के अनुसार, लगभग 300 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं और यह संख्या बढ़ने की आशंका है। लंदन के हवाई अड्डों से उड़ानें सबसे बुरी तरह प्रभावित हुई हैं, मंगलवार दोपहर को खराबी की सूचना मिलने के बाद से कुछ ही उड़ानें उड़ान भर पाई हैं। तीन साल से कुछ अधिक समय में तीसरी बड़ी घटना के बाद एयरलाइंस ने हवाई यातायात नियंत्रण सेवा प्रदाता NATS के सुधार की फिर मांग उठाई है। दोपहर 2 बजे से हीथ्रो, गैटविक, स्टैनस्टेड और लंदन सिटी हवाई अड्डों से उड़ान भरने वाली अधिकांश उड़ानें या तो देरी से टेकऑफ की हैं या अभी तक उड़ान नहीं भर पाई हैं।
ब्रिटेन में उड़ानों पर बुरा असर – एनालिटिक्स कंपनी सिरियम के आंकड़ों के अनुसार, शाम 4.15 बजे तक हीथ्रो और गैटविक से आने-जाने वाली लगभग 90 उड़ानें रद्द कर दी गई थीं। मैनचेस्टर, एडिनबर्ग, बर्मिंघम और बेलफास्ट हवाई अड्डों सहित ब्रिटेन के अन्य हवाई अड्डों से आने वाली उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं। रेयानएयर ने बताया कि 65,000 से अधिक यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ा और 50 उड़ानें रद्द कर दी गईं। ईज़ीजेट के अनुसार, इसका असर अब पूरे यूरोप में उड़ानों पर पड़ रहा है। यूरोकंट्रोल ने कहा कि विदेशों में कुछ आने वाली उड़ानें हवाई अड्डों पर रोकी गई हैं और यह व्यवधान शाम तक जारी रहने की संभावना है।