Friday , June 19 2026 11:57 AM
Home / Sports / ऑस्ट्रेलिया करेगी वेस्टइंडीज का सूपड़ा साफ, दूसरे टेस्ट में जीत की तरफ बढ़ा दिए मजबूत कदम

ऑस्ट्रेलिया करेगी वेस्टइंडीज का सूपड़ा साफ, दूसरे टेस्ट में जीत की तरफ बढ़ा दिए मजबूत कदम


ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में जीत की तरफ कदम बढ़ा दिए हैं। पिंक बॉल से खेले जा रहे इस मैच में जीत के लिए 216 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक उस्मान ख्वाजा (10) और मार्नुस लाबुशेन (पांच) का विकेट गंवाकर 60 रन बना लिए। टीम को घरेलू सत्र पर सूपड़ा साफ करने के लिए 156 रन की और जरूरत है जबकि उसके आठ विकेट शेष हैं।
ऑस्ट्रेलिया ने मौजूदा घरेलू सत्र में पाकिस्तान को 3-0 से हराया था जबकि दो मैचों की सीरीज के शुरुआती मुकाबले में उसने वेस्टइंडीज को तीन दिन के अंदर 10 विकेट से हरा दिया था। वेस्टइंडीज ने अपनी बढ़त को 215 रन से आगे बढ़ाने के कई मौके गंवाए। टीम दिन के आखिरी सत्र में 193 रन पर आउट हो गई। टीम के 11वें नंबर के बल्लेबाज शमर जोसेफ को रिटायर हर्ट होना पड़ा।
मिचेल स्टार्क की तेज यॉर्कर से उनका दाहिना पैर का अंगूठा चोटिल हो गया था। इस यॉर्कर पर उन्हें एलबीडबल्यू करार दिया गया था, लेकिन रीप्ले में देखा गया कि गेंदबाज ने ‘ओवर-स्टेप’ कर दी थी जिससे यह ‘नो बॉल’ हो गई। जोश हेजलवुड (23 रन पर तीन विकेट) और नाथन लियोन (42 रन पर तीन विकेट) ने दूसरी पारी में वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों की राह मुश्किल की।
स्टार्क और कैमरून ग्रीन ने भी एक-एक विकेट लिया। शमर जोसेफ मैदान से बाहर जाते समय काफी दर्द में दिखे और हो सकता है कि वह शेष टेस्ट मैच में गेंदबाजी नहीं कर पाएं। अल्जारी जोसेफ ने हाल ही में आईसीसी पुरस्कार में साल के सर्वश्रेष्ठ टेस्ट खिलाड़ी चुने गये ख्वाजा को आउट कर वेस्टइंडीज को शुरुआती सफलता दिलाई। इसके बाद जस्टिन ग्रीव्स ने शानदार गेंद पर लाबुशेन को चकमा दिया और दूसरी स्लिप में खड़े केविन सिंक्लेयर ने उनका शानदार कैच लपका।