Thursday , June 25 2026 6:28 AM
Home / Uncategorized / नेपाल में भ्रष्टाचार के खिलाफ बालेन सरकार का बड़ा वार, ओली सरकार में वित्त मंत्री रहे बिष्णु पौडेल अरेस्‍ट

नेपाल में भ्रष्टाचार के खिलाफ बालेन सरकार का बड़ा वार, ओली सरकार में वित्त मंत्री रहे बिष्णु पौडेल अरेस्‍ट


नेपाल की स्पेशल कोर्ट ने मंगलवार को पूर्व वित्त मंत्री बिष्णु पौडेल को सात दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सोमवार रात गिरफ्तार किया गया था। मनी लॉन्ड्रिंग जांच विभाग (DMLI) ने मंगलवार (23 जून) को पौडेल को अदालत में पेश किया था और उनकी गिरफ्तारी के बाद उन्हें हिरासत में रखने के लिए न्यायिक मंजूरी मांगी थी। उन्हें एक विवादित कारोबारी से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। वह कारोबारी भी अभी मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में हिरासत में है।
कोर्ट से सात दिनों की रिमांड मिलने के बाद अब जांचकर्ताओं को जांच जारी रखने की इजाजत मिल गई है। कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (यूनिफाइड मार्क्सिस्ट-लेनिनिस्ट) के उपाध्यक्ष विष्णु पौडेल, पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की सरकार में वित्त मंत्री थे। यह सरकार पिछले साल सितंबर में ‘जेन-ज़ी’ आंदोलन के दौरान गिर गई थी। उन्हें सोमवार (22 जून) को DMLI ने संपत्ति जमा करने के आरोप में हिरासत में लिया था।
रिमांड पर भेजे गये नेपाल के पूर्व वित्त मंत्री – रिपोर्ट के मुताबिक पौडेल को सुरखेत जिले के एक होटल से गिरफ्तार किया गया था जहां वे सोमवार (22 जून) को CPN-UML के आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हो रहे थे। गिरफ्तारी के एक दिन बाद मंगलवार (23 जून) को उन्हें काठमांडू लाया गया। पोडैल की गिरफ्तारी ओली सरकार के गिरने के कुछ महीनों बाद हुई है। ओली सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ़ हुए हिंसक विरोध-प्रदर्शनों के बाद गिरी थी जिनमें कम से कम 76 लोग मारे गए थे और 2,500 से ज्यादा घायल हुए थे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने संसद समेत कई सरकारी इमारतों में आग लगा दी थी।
केपी शर्मा ओली और उनके गृह मंत्री को हिंसा रोकने में नाकाम रहने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। दोनों अभी जमानत पर बाहर हैं। प्रधानमंत्री बालेनद्र शाह जो 36 साल के रैपर से राजनेता बने हैं और भ्रष्टाचार से निपटने के वादे के साथ भारी बहुमत से जीतकर मार्च में सत्ता में आए थे उन्होंने पिछली गलतियों और गड़बड़ियों के खिलाफ कार्रवाई करने का वादा किया है।