
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने क्वाड गठबंधन की बैठक को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि इस गठबंधन की बैठक अगले साल की पहली तिमाही के अंदर हो जाएगी। उन्होंने क्वाड की बैठक में हो रही देरी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की व्यस्तताओं से जोड़ा।
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने क्वाड गठबंधन की बैठक अगले वर्ष की पहली तिमाही में होने की उम्मीद जताई है। उन्होंने चार देशों के इस समूह को एक महत्वपूर्ण मंच बताया। भारत इस वर्ष ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका और जापान के नेताओं के शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने वाला था, लेकिन जापान में राजनीतिक उथल-पुथल और भारत-अमेरिका संबंधों में गतिरोध की वजह से इस वर्ष इस बैठक की उम्मीद बहुत कम है।
ऑस्ट्रेलियाई पीएम ने क्वाड पर क्या कहा – अल्बनीज ने दक्षिण पूर्व एशियाई राष्ट्र संघ (आसियान) शिखर सम्मेलन के इतर रविवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ”क्वाड एक महत्वपूर्ण मंच है और हमारे लिए ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, जापान और भारत के साथ जुड़ने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।” ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री ने कहा, ”मुझे उम्मीद है कि अगले साल की पहली तिमाही में बैठक होगी।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी क्वाड बैठक की मेजबानी करने वाले हैं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website