Monday , April 27 2026 10:10 AM
Home / News / ब्रिटेन ने कोरोना के मूल और ओमीक्रोन वेरिएंट के खिलाफ नए बूस्टर डोज को दी मंजूरी, ऐसा करने वाला बना पहला देश

ब्रिटेन ने कोरोना के मूल और ओमीक्रोन वेरिएंट के खिलाफ नए बूस्टर डोज को दी मंजूरी, ऐसा करने वाला बना पहला देश

ब्रिटेन ने कोविड-19 (Corona) के खिलाफ एक ऐसे बूस्टर टीके (Corona Booster Dose) को मंजूरी दी है, जिसके बारे में दावा किया गया है कि वह वायरस के मूल और ओमीक्रोन (Omicron Variant) दोनों स्वरूपों के खिलाफ कारगर है। इसके साथ ही ब्रिटेन पहला ऐसा देश बन गया है, जिसने इस प्रकार के टीके को मंजूरी दी है। देश के स्वास्थ्य अधिकारियों ने सोमवार को इसकी घोषणा की। औषध नियामक संस्था एमएचआरए ने कहा कि उसने कोरोना वायरस के खिलाफ मॉडर्न टीके को मंजूरी दी क्योंकि इसे सुरक्षा, गुणवत्ता और प्रभावशीलता के मानकों पर खरा पाया गया।
नियामक ने कहा कि बूस्टर टीका स्पाइकवैक्स बाइवैलेंट ओरिजिनल ओमीक्रोन की प्रत्येक खुराक का आधा हिस्सा (25 माइक्रोग्राम) मूल स्वरूप के खिलाफ काम करता है, जबकि दूसरा आधा हिस्सा ओमीक्रोन को निशाना बनाता है। एमएचआरए की मुख्य कार्यकारी डॉ. जे राइन ने कहा कि उन्हें नए बूस्टर टीके को मंजूरी दिए जाने की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है, जो नैदानिक परीक्षण में ओमीक्रोन के साथ ही 2020 के मूल स्वरूप के खिलाफ कारगर पाया गया।
कोरोना वायरल का स्परूप बदलना है जारी : उन्होंने कहा कि ब्रिटेन में इस्तेमाल किए जा रहे टीकों की पहली पीढ़ी बीमारी के खिलाफ अहम सुरक्षा प्रदान करती है और लोगों के जीवन को बचाती है। उन्होंने कहा कि वायरस के दो स्वरूपों के खिलाफ काम करने वाले इस टीके से लोगों को बीमारी से बचाने में मदद मिलने की पूरी उम्मीद है, क्योंकि वायरस का स्वरूप बदलना जारी है।