
ईरान और अमेरिका के बीच स्थायी युद्धविराम होने की सूरत में भी होर्मुज स्ट्रेट से सामान्य आवाजाही तुरंत संभव नहीं हो सकेगी। होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरानी सेना की बिछाई गई बारूदी सुरंगें हटाने में करीब छह महीने का वक्त लग सकता है। पेंटागन (अमेरिकी रक्षा विभाग के मुख्यालय) ने देश के सांसदों को यह जानकारी दी है। होर्मुज के महत्वपूर्ण समुद्री गलियारे में ईरान युद्ध शुरू होने यानी 28 फरवरी से यातायात प्रभावित है।
द वॉशिंगटन पोस्ट के मुताबिक, अमेरिकी सांसदों के लिए आयोजित गोपनीय ब्रीफिंग में साझा किए गए पेंटागन के आकलन के हिसाब से होर्मुज से बारूदी सुरंगें हटाने में छह महीने का समय लगेगा। ऐसे में फिलहाल एनर्जी के दाम कम नहीं होंगे। अमेरिका में मध्यावधि चुनावों तक पेट्रोल और तेल की कीमतें ऊंची बनी रह सकती हैं।
‘ईरान युद्ध का प्रभाव लंबा रहेगा’ – पेंटागन ने कांग्रेस को बताया है कि ईरानी सेना ने होर्मुज में बड़े पैमाने पर बारूदी सुरंगें बिछाई हैं। इनको हटाने के लिए छह महीने चाहिए। इसमें समस्या ये है कि जब तक अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध खत्म नहीं होता, तब तक सफाई अभियान चलाया जाना संभव नहीं है। इसका मतलब है कि संघर्ष का आर्थिक प्रभाव कम से कम इस साल के अंत तक या उससे आगे तक बना रह सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, पेंटागन की ओर से मंगलवार को ‘हाउस आर्म्ड सर्विसेज कमेटी’ के सदस्यों को यह ब्रीफिंग दी गई। यह पहली बार है, जब अमेरिकी अफसरों ने होर्मुज के बारे में इस तरह की जानकारी साझा की है। होर्मुज की सफाई में लगने वाले सीमा और इससे ईंधन की कीमतों पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर अमेरिकी सांसदों ने निराशा जाहिर की है।
होर्मुज स्ट्रेट से दुनिया पर असर – अमेरिका और इजरायल के ईरान पर 28 फरवरी को शुरू हुए हमलों के बाद से होर्मुज स्ट्रेट में यातायात प्रभावित है। ईरान ने कुछ चुनिंदा जहाजों को ही इस समुद्री गलियारे से गुजरने की अनुमति दी है। ये जहाज भी ईरानी सेना ने एक खास चैनल से गुजारे हैं। माना जा रहा है कि ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में बारूदी सुरंगें बिछा रखी हैं।
ईरान और अमेरिका की नाकेबंदी ने दुनिया की एनर्जी सप्लाई को संकट में डाल दिया है। खाड़ी देशों के होर्मुज से होकर गुजरने वाले जहाजों की आवाजाही रुकने का सीधा असर तेल-गैस की कीमत पर हो रहा है। इसका सीधा असर साउथ एशिया और दुनिया के दूसरे हिस्से के साथ-साथ अमेरिकी बाजार पर भी हुआ है।
होर्मुज स्ट्रेट की अहमियत – होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति के लिए बहुत अहम समुद्री गलियारा है। यह ईरान और ओमान के बीच स्थित एक संकरा समुद्री मार्ग है, जो फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी और अरब सागर से जोड़ता है। इसके बंद होने से वैश्विक तेल और गैस की आपूर्ति में भारी बाधा आई है, जो ऊर्जा की कीमतों में वृद्धि की वजह बनी है।
Home / Uncategorized / ‘होर्मुज स्ट्रेट से बारूदी सुरंगों की सफाई में लगेंगे 6 महीने’, पेंटागन का अमेरिकी सांसदों के सामने खुलासा, तेल की कीमतों पर चेताया
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website