
दक्षिण कोरियाई सरकार के लिए कोरोना वायरस लॉकडाऊन के चलते नाईट क्लब व बार खोलने की छूट देना महंगा साबित हो रहा है। एक बार कोरोना वायरस के चंगुल से मुक्त हो रहे इस देश में नाईटक्लब खोलने के बाद 24 घंटे में कोरोना वायरस के 18 नए मामले सामने आ गए है । इनमें से 12 केस राजधानी सियोल से हैं इन सभी मामलों के तार सियोल के नाईट क्लब से जुड़े हुए हैं। ये सभी मामले तब सामने आए हैं जब स्वास्थ्य कर्मी क्लबों में जाने वाले कुछ लोगों से संक्रमण फैलने के बाद उनके संपर्क में आए। दक्षिण कोरिया के रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (KCDC) के शनिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार देश में संक्रमितों की कुल संख्या 10,840 हो गई और 256 लोगों की जान जा चुकी है।
KCDC ने कोई सटीक जानकारी तो नहीं दी लेकिन ज्यादातर नए मामलों का संबंध सियोल में नाइटक्लबों से बताया जा रहा है।अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि कम से कम 15 मामले 29 वर्षीय उस शख्स के संपर्क में आने से जुड़े हैं जो इटावोन के तीन क्लबों में गया था और बुधवार को जांच में संक्रमित पाया गया। इससे सियोल मेट्रोपोलिटन इलाके में वायरस के बड़े पैमाने पर फैलने का खतरा पैदा हो गया है। इस इलाके में दक्षिण कोरिया की करीब आधी आबादी रहती है।
दक्षिण कोरिया के प्रधानमंत्री चुंग स्ये-क्युन ने शनिवार को एक बैठक में कहा कि सरकार संक्रमित लोगों का पता लगाने और उन्हें अलग करने के लिए ‘‘सभी उपलब्ध संसाधनों’’ का इस्तेमाल करेगी। अधिकारियों ने नाइटक्लबों, बारों और ऐसे ही अन्य केंद्रों को देशभर में एक महीने के लिए बंद करने का आदेश दिया है। पिछले हफ्तों में कम मामले आने के बाद अधिकारियों ने यहां सामाजिक दूरी के नियमों में ढील दी और स्कूलों को चरणबद्ध तरीके से फिर से खोलने की योजना बनाई।
वहीं चीन में कोरोना वायरस के 15 ऐसे नए मामले सामने आए हैं जिनमें संक्रमण के लक्षण नही हैं। बीजिंग के स्वास्थ्य अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि बिना लक्षण वाले कुल मामलों की संख्या 836 हो गई है, जबकि विदेशों से संक्रमण लेकर आने वाले एक मामले की भी पुष्टि हुई है। चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग के मुताबिक शुक्रवार तक विदेशों से संक्रमित 63 लोगों समेत 836 बिना लक्षण वाले मामले अब भी चिकित्सीय निगरानी में हैं। आयोग ने बताया कि शुक्रवार तक विदेश से कोरोना वायरस संक्रमण लेकर आने वाला एक मामला और बिना लक्षण वाले 15 नए मामले घरेलू स्तर संक्रमण के सामने आए हैं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website