Sunday , June 21 2026 10:50 AM
Home / News / अमेरिका में ठंड के चलते आपातकाल घोषित, ट्रेनें चलाने के लिए लगाई आग

अमेरिका में ठंड के चलते आपातकाल घोषित, ट्रेनें चलाने के लिए लगाई आग


अमेरिका के मध्यपश्चिमी क्षेत्र में जमा देने वाली ठंड की वजह से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। अंटार्कटिका से भी ज्यादा ठंड यहां पड़ रही है, जिस कारण विमानों की सेवा भी बाधित हुई है। अमेरिका के शिकागो में पारा माइनस 30 डिग्री तक गिर गया है जिस कारण ट्रेनों को चलाने के लिए ट्रैक पर आग लगाई जा रही है।
शिकागो में बर्फीली हवाओं की वजह से जन-जीवन बिल्कुल ठप पड़ गया। अलास्का की राजधानी और अंटार्कटिका के कुछ हिस्सों से भी ज्यादा ठंड यहां महसूस की जा रही है इसके चलते अलग-अलग इलाकों में अब तक 8 लोगों की मौत हो गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक यहां का तापमान -70 डिग्री तक गिर सकता है, जिसके मद्देनजर वहां के लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। नेशनल वेदर सर्विस ने ट्वीट किया कि हालात बेहद खतरनाक हैं। अगर आप बाहर हैं और आपके शरीर का कोई हिस्सा खुला हुआ है तो 5 मिनट में शीतदंश (फॉर्स्टबाइट) होने का खतरा है। तापमान -70 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। बेहतर यही होगा कि आप बाहर रहने का समय निर्धारित कर लें।
उत्तर भारत में भी होगा असर
इस रिकार्ड तोड़ सर्दी के पीछे आर्कटिक ब्लास्ट को कारण माना जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक यह ठंड दक्षिणी यूरोप से उत्तर भारत की तरफ आ रही है। जनवरी का अंतिम पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत से टकराया है। इसका असर वीरवार को महसूस किया जा सकता है। मौसम विभाग ​के अनुसार पश्चिमी हिमालय क्षेत्र (जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड) में बर्फबारी हो सकती है।