
भारत से रूस में काम करने गए इंजीनियर चंदन गुप्ता की गिरफ्तारी के मामले में उनकी पत्नी स्नेहा गुप्ता ने एक और फेसबुक पोस्ट के जरिए अपनी बात सामने रखी है। स्नेहा ने वीडियो जारी कर शनिवार रात हुई घटना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनके पति को रात करीब 11:40 बजे अचानक गिरफ्तार कर लिया गया था। इस दौरान उनका फोन और पासपोर्ट भी जब्त कर लिया गया था। स्नेहा के मुताबिक, उन्हें इस घटना की जानकारी अगले दिन सुबह मिली।
शनिवार रात अचानक गिरफ्तार किए गए चंदन – स्नेहा गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तारी के समय उनके पति के साथ उनका एक मित्र भी मौजूद था। चंदन का फोन और पासपोर्ट पुलिस द्वारा लिए जाने के कारण उनसे सीधे संपर्क नहीं हो सका। स्नेहा ने कहा कि उनके पति के मित्र के माध्यम से उन्हें रविवार सुबह घटना की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने लगातार कंपनी के अधिकारियों से संपर्क किया और अपने पति के बारे में जानकारी हासिल करने की कोशिश की।
कंपनी ने वकील की व्यवस्था कराई – स्नेहा के मुताबिक, इस पूरे मामले में कंपनी यूफ्लेक्स लिमिटेड और रूस में उसकी शाखा यूफ्लेक्स लिमिटेड रूस के अधिकारियों ने उनकी काफी मदद की। उन्होंने बताया कि कंपनी के प्रशासनिक विभाग और यूनिट हेड लगातार उनके संपर्क में रहे। कंपनी के अधिकारियों ने उनके पति के लिए वकील की व्यवस्था भी की। स्नेहा ने कहा कि कानूनी मदद मिलने के बाद उनके पति रात में रिहा होकर बाहर आ सके।
स्नेहा ने कंपनी का जताया आभार – स्नेहा गुप्ता ने कहा कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वह काफी परेशान थीं और लगातार कंपनी के संपर्क में थीं। उन्होंने बताया कि कंपनी के अधिकारियों ने हर संभव सहायता की और उनके पति की रिहाई के लिए कानूनी मदद उपलब्ध कराई। स्नेहा ने इसके लिए यूफ्लेक्स लिमिटेड, रूस स्थित उसकी शाखा और वहां के प्रशासनिक विभाग तथा यूनिट हेड के प्रति आभार जताया।
चंदन पर लगे सभी आरोपों को बताया झूठा – स्नेहा ने अपने पति पर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें चंदन पर लगाए गए कई आरोपों की जानकारी मीडिया में प्रकाशित खबरों के जरिए मिली। स्नेहा का कहना है कि उनके पति पर लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि वह फिलहाल आरोपों के बारे में विस्तार से कुछ नहीं कहना चाहतीं, लेकिन इन आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है और न ही इन्हें साबित करने के लिए कोई ठोस प्रमाण सामने आया है
Home / News / India / रूस में गिरफ्तार इंजीनियर चंदन गुप्ता रिहा, पत्नी स्नेहा का बड़ा दावा- पति पर लगे सभी आरोप बेबुनियाद
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website