
मुंबईः बॉलीवुड के मशहूर फैशन डिजाइनर रोहित बल को दिल्ली में मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। फैशन इंडस्ट्री में अपने खास अंदाज के लिए फेमस रोहित पर शराब पीकर हंगामा करने का आरोप है। पड़ोसी द्वारा इसकी शिकायत करने के बाद पुलिस ने रोहित, उसके ड्राइवर समेत तीन साथियों पर मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि पुलिस ने गिरफ्तारी के कुछ देर बाद ही चारों को जमानत दे दी है।
मीडिया में आ रही खबरों की माने तो पुलिस को रोहित के मेडिकल टेस्ट में शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई थी। लेकिन रोहित बल पर उनके पड़ोसियों ने जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
इस पूरे मामले में रोहित बल के पड़ोसी का आरोप है कि रात 3 बजे रोहित ने उनके घर का दरवाजा खटखटाया। जैसे ही वो घर से बाहर निकले रोहित ने उन्हें गालियां देना शुरू कर दिया। पड़ोसी ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को फोन कर दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची उस वक्त रोहित बल नशे में भी थे।
बता दें कि रोहित बल का नाम भारत के मशहूर फैशन डिजाइनरों में लिया जाता है। फैशन इंडस्ट्री से लेकर बॉलीवुड तक उनका काफी नाम है। इस मामले में अभी रोहित बल का बयान नहीं आया है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website