Monday , July 6 2026 6:07 AM
Home / News / India / पीएम मोदी के ऑस्ट्रेलिया दौरे को लेकर धमकी, सोशल मीडिया पर लिखी जान से मारने की बात, पुलिस ने शुरू की जांच

पीएम मोदी के ऑस्ट्रेलिया दौरे को लेकर धमकी, सोशल मीडिया पर लिखी जान से मारने की बात, पुलिस ने शुरू की जांच


पीएम नरेंद्र मोदी को ऑस्ट्रेलिया के उनके आगामी दौरे से पहले धमकी दी गई है। नरेंद्र मोदी के 9 जुलाई को मेलबर्न में होने वाले कार्यक्रम में ‘गड़बड़’ करने की बात एक सोशल मीडिया पोस्ट में कही गई है। इसके बारे में जानकारी होने के बाद ऑस्ट्रेलियाई फेडरल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ने बताया है कि पुलिस टीम ने उस सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़े आईपी एड्रेस की पहचान की है, जिसमें पीएम मोदी को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई है।
द ऑस्ट्रेलिया टुडे की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह धमकी मेलबर्न मीट्स मोदी कम्युनिटी इवेंट को प्रमोट करने वाली एक फेसबुक पोस्ट के नीचे दी गई थी। यह इवेंट प्रधानमंत्री की ऑस्ट्रेलिया यात्रा के दौरान 9 जुलाई को मेलबर्न के मार्वल स्टेडियम में होने वाला है। पोस्ट पर आए एक कमेंट में लिखा गया कि इवेंट के दौरान स्टेडियम की छत बंद कर देनी चाहिए, वरना वह (मोदी) अपनी मौत के लिए ऑस्ट्रेलिया आएंगे।
पोस्ट पर कमेंट में धमकी – ऑस्ट्रेलिया टुडे ने बताया कि जिस दिन यह कमेंट ऑनलाइन आया, उसी दिन ऑस्ट्रेलियाई फेडरल पुलिस ने जांच शुरू कर दी। अखबार ने कहा कि अधिकारियों ने पोस्ट से जुड़े IP एड्रेस की पहचान कर ली है और वे इस मैसेज से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं। अधिकारी पता लगा रहे हैं कि इसके पीछे कौन है।
ऑस्ट्रेलियाई फेडरल पुलिस ने अभी तक इस जांच पर सार्वजनिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं की है। ऐसे में अभी तक यह साफ नहीं है कि इसके पीछे कोई सिरफिरा है या वाकई में किसी गुट की ओर से ये धमकी आई है। पुलिस फिलहाल जांच जारी होने की बात कह रही है। जांच के बाद ही पुलिस इसमें आगे कुछ कह सकेगी।
8 जुलाई को ऑस्ट्रेलिया पहुंचेंगे मोदी – ऑस्ट्रेलिया की कानून प्रवर्तन एजेंसियां विदेशी सरकार के प्रमुखों को मिलने वाली धमकियों को बहुत गंभीरता से लेती हैं। हाई-प्रोफाइल अंतरराष्ट्रीय यात्राओं के लिए सुरक्षा व्यवस्था में आमतौर पर कई एजेंसियां शामिल होती हैं। इनमें ऑस्ट्रेलियाई फेडरल पुलिस, राज्य की पुलिस और विशेष सुरक्षा इकाइयां शामिल रहती हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 जुलाई से विदेश दौरे पर रवाना हो रहे हैं। वह अपने दौरे के पहले चरण में 6 जुलाई को इंडोनेशिया जाएंगे और वहां जकार्ता में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वह ऑस्ट्रेलिया और फिर 11 जुलाई को न्यूजीलैंड जाएंगे। तीनों ही देशों के दौरे पर कई अहम समझौते होने की उम्मीद है।
पीएम मोदी 8 से 10 जुलाई तक ऑस्ट्रेलिया के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे। 9 जुलाई को वह मेलबर्न में आयोजित होने वाले ऑस्ट्रेलिया-भारत वार्षिक नेताओं के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही पीएम मोदी ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। मेलबर्न के कार्यक्रम को लेकर ये धमकी आई है।