Sunday , October 18 2026 10:32 AM
Home / News / हूतियों का यमन के राष्ट्रपति भवन पर मिसाइल हमला, सऊदी समर्थित सरकार को खत्म करने की कोशिश, PM भी थे अंदर

हूतियों का यमन के राष्ट्रपति भवन पर मिसाइल हमला, सऊदी समर्थित सरकार को खत्म करने की कोशिश, PM भी थे अंदर


ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने सऊदी के समर्थन वाली यमन की सरकार को खत्म करने के इरादे से अदन स्थित राष्ट्रपति भवन पर मिसाइल से हमला किया है। इस हमले में 5 लोगों की मौत हुई है, जबकि 16 लोग घायल हुए हैं। यमन की अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त सरकार के स्वास्थ्य मंत्री ने यह जानकारी दी है। साल 2014 में हूती विद्रोहियों के राजधानी सना पर कब्जा कर लेने के बाद यमन की सरकार अदन से ही संचालित होती है। जब हमला किया गया उस समय वहां प्रधानमंत्री और अन्य मंत्री मौजूद थे।
यमन के सूचना मंत्रालय ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि परिसर में कम से कम 5 मिसाइलें गिरीं। इसमें 5 लोगों की मौत हो गई। इनमें दो गार्ड भी शामिल थे। हूती विद्रोहियों ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए इसे अदन में सऊदी सैन्य अभियान मुख्यालय पर किया हमला बताया।
राष्ट्रपति भवन के पास 5 धमाके – हूतियों का कहना है कि परिसर के भीतर स्थित सैन्य कमांड केंद्रों को निशाना बनाया गया। इसका इस्तेमाल यमन के सरकारी बल और उनका समर्थन कर रहा सऊदी-नेतृत्व वाला गठबंधन करता है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, अदन में राष्ट्रपति भवन के पास कम के कम 5 जोरदार धमाके सुनाई दिए और परिसर के ऊपर धुएं का बड़ा गुबार देखा गया।
यमन की अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त सरकार के प्रधानमंत्री शया अल-जिंदानी ने इस हमले की निंदा की है। X पर एक पोस्ट में जिंदानी ने इसे एक कायराना कृत्य बताया। सरकार के एक मंत्री ने AFP को बताया कि हमले के समय अल-जिंदानी महल में ही मौजूद थे, लेकिन उन्हें कोई चोट नहीं आई।
हूतियों ने तेज किया सऊदी पर हमला – इस बीच हूतियों ने यमन में सरकारी सेना का समर्थन कर रहे सऊदी अरब पर ताबड़तोड़ हमले किए हैं। हूतियों ने सऊदी अरब में हवाई अड्डों, बंदरगाहों और तेल सुविधाओं को निशाना बनाया है। सऊदी नेतृत्व गठबंधन के प्रवक्ता तुर्की अल-मलिकी ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस महीने हूतियों ने रियाद स्थित किंग खालिद एयरपोर्ट पर 20 हमले किए हैं। इन हमलों में 17 लोगों की मौत हुई है और 333 घायल हुए हैं।