Wednesday , April 22 2026 5:48 PM
Home / Uncategorized / ईरान ने अपने लोगों से कहा- फोन से डिलीट कर दो वॉट्सऐप, आखिर क्‍या है इसकी वजह?

ईरान ने अपने लोगों से कहा- फोन से डिलीट कर दो वॉट्सऐप, आखिर क्‍या है इसकी वजह?

ईरान-इस्राइल के बीच जारी तनाव और जंगी हालात में एंट्री हुई है वॉट्सऐप की। रिपोर्टों के अनुसार, ईरान की सरकार ने देशभर के अपने नागरिकों को स्‍मार्टफोन से वॉट्सऐप (Whatsapp) ऐप डिलीट करने की सलाह दी है। वहां के सरकारी टीवी ने सभी लोगों से अनुरोध किया है क‍ि अपने फोन से वॉट्सऐप हटा दें। ईरान पहले भी ऐसे कदम उठा चुका है। वह गूगल प्‍ले स्‍टोर पर बैन लगा चुका है। हालांकि बाद में इन प्रतिबंधों को हटा दिया गया था। अब एक बार फ‍िर से वॉट्सऐप को लेकर ईरानी सरकार में चिंताएं हैं। इन चिंताओं की वजह वॉट्सऐप की पैरंट कंपनी मेटा है, जो मूल रूप से एक अमेरिकी कंपनी है।
ईरान को क्‍यों सता रही वॉट्सऐप टेंशन? – रिपोर्टों के अनुसार, ईरान की सरकार का मानना है कि वॉट्सऐप का मालिकाना हक रखने वाली अमेरिकी कंपनी मेटा, यूजर्स को जानकारी को इस्राइल को भेजती है। यानी ईरान को ऐसा लगता है कि उसके नागरिकों की जानकारी इस्राइल तक पहुंच रही है। दिक्‍कत यह भी है कि अगर ईरान, वॉट्सऐप पर बैन लगाता है तब भी वह लोगों को इस ऐप को इस्‍तेमाल करने से नहीं रोक पाएगा क्‍योंकि ऐप लोगों के फोन में पहले से इंस्‍टॉल है और आजकल लोग वीपीएन का इस्‍तेमाल करके भी ऐप्‍स को एक्‍सेस कर लेते हैं।
ईरान में काफी लोकप्रिय है वॉट्सऐप – भारत और तमाम देशों की तरह ईरान में भी वॉट्सऐप काफी लोकप्रिय है। बड़ी संख्‍या में लोग इस इंस्‍टेंट मैसेजिंग प्‍लेटफॉर्म का इस्‍तेमाल करते हैं। ईरान सरकार की सलाह पर वॉट्सऐप ने चिंता जताई है। टीओआई टेक की रिपोर्ट के अनुसार, वॉट्सऐप ने कहा है कि यह ऐप पर बैन लगाने की कोशिश है। एक बयान में वॉट्सऐप ने कहा है कि कुछ झूठी रिपोर्टें हमारी सर्विसेज को रोकने का बहाना बनेंगी। वॉट्सऐप के मुताबिक जिस वक्‍त लोगों को उनके ऐप की सबसे ज्‍यादा जरूरत है, वॉट्सऐप पर बैन लगाने की कोशिश हो रही है। वॉट्सऐप ने यह भी स्‍पष्‍ट किया है कि वह लोगों की सटीक लोकेशन को ट्रैक नहीं करता। कौन कितने मैसेज भेजता है या किस तरह के मैसेज भेजता है, उन्‍हें भी ट्रैक नहीं किया जाता है। वॉट्सऐप ने यह भी कहा है कि वह किसी भी सरकार के साथ बल्‍क में इन्‍फर्मेशन शेयर नहीं करती।