
अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडेन ने सोमवार को अपने कैबिनेट के प्रमुख नामों का ऐलान कर दिया है। ओबामा और बाइडेन के कार्यकाल में डेप्युटी सेक्रटरी की भूमिका निभा चुके एंटनी ब्लिंकेन को विदेश मंत्री नामित किया गया है। वहीं, वकील एलेजांद्रो मयोरकास को सेक्रटरी ऑफ होमलैंड सिक्यॉरिटी का पदभार सौंपा गया है। एलेजांद्रो ओबामा-बाइडेन कार्यकाल में होमलैंड सिक्यॉरिटी के डेप्युटी सेक्रटरी का पद संभाल चुके हैं।
बाइडेन कार्यकाल के लिए ऐवरिल हेन्स को डायरेक्टर ऑफ नैशनल इंटेलिंजेंस नियुक्त किया गया है। ऐवरिल तकरीबन एक दशक से ज्यादा समय से बाइडेन के लिए विभिन्न पदों पर काम कर चुकी हैं। हेन्स इस पद के लिए नामित होने वाली पहली महिला होंगी। बाइडेन ने संयुक्त राष्ट्र के लिए ऐंबैसडर के तौर पर लिंडा टॉमस ग्रीनफील्ड (Linda Thomas-Greenfield) के नाम का चुनाव किया है। जो बाइडेन ने जेक सुल्लिवन को नैशनल सिक्यॉरिटी अडवाइजर नियुक्त किया है। वहीं, बाइडेन ने पूर्व विदेश मंत्री जॉन केरी को जलवायु के लिए राष्ट्रपति के विशेष दूत के पद के लिए नामित करने की घोषणा की। केरी राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद में इस पद पर बैठने वाले पहले अधिकारी होंगे।
माला अडिगा को मिली यह जिम्मेदारी : ओबामा प्रशासन में जिल बाइडेन की सोशल सेक्रटरी रहे कार्लोस एलिहोन्दो अभी भी वही पद संभालेंगे। माला अडिगा जिल की पॉलिसी डायरेक्टर के तौर पर काम करेंगी। उनका काम होगा फर्स्ट लेडी के तौर पर जिल की प्राथमिकताएं तय करना। वह पहले बाइडेन फाउंडेशन में उच्चस्तरीय शिक्षा और सेना के परिवारों की डायरेक्टर रह चुकी हैं। उन्होंने ओबामा प्रशासन में जिल बाइडेन की सलाहकार के तौर पर भी काम किया है।
‘इस टीम का ऐलान करते हुए गर्व’ : बाइडेन ने इस टीम का ऐलान करते हुए कहा, ‘मैं अपनी टीम में और भी सदस्यों के नाम का ऐलान करने में गर्व महसूस कर रहा हूं जो अमेरिका में मुश्किल वक्त में बदलाव लाएंगे। हमारे देश के सामने जो चुनौतियां हैं, उन्हें पार करने का समर्पण उनके विविध बैकग्राउंड और अनुभव से आता है। वे अमेरिका के लोगों की सेवा करेंगे और बेहतर, न्यायपूर्ण और संयुक्त देश तैयार करने में मदद करेंगे।’
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website