
दक्षिण अफ्रीका के जोहांसबर्ग में हिंदुओं का सबसे बड़े स्वामीनारायण मंदिर का निर्माण हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को दक्षिण अफ्रीका पहुंचने पर निर्माणाधीन मंदिर की 3D तस्वीरें देंखीं। प्रधानमंत्री मोदी 15वीं ब्रिक्स समिट में हिस्सा लेने मंगलवार की सुबह भारत से दक्षिण अफ्रीका के लिये रवाना हुए। पीएम मोदी का जहाज एयर इंडिया वन शाम करीब साढ़े पांच बजे वाटरक्लूफ एयर फोर्स बेस उतरा। दक्षिण अफ्रीका के उप- राष्ट्रपति पाउल माशातिले ने पीएम मोदी स्वागत किया जहां उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया।
प्रिटोरिया हिंदू सेवा समाज के कार्यकर्ताओं और स्वामीनारायण संस्थान की स्थानीय इकाई सहित भारतीय समुदाय के सदस्यों ने भी बड़ी संख्या में, प्रधानमंत्री मोदी की आगवानी की। यहां से मोदी जोहानिसबर्ग के सैंडटन सन होटल के लिए रवाना हो गये, जहां ब्रिक्स शिखर-सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। होटल में उन्होंने ब्रिक्स बिजनेस फोरम लीडर्स संवाद से पहले स्थानीय और भारतवंशी समुदाय के लोगों से मुलाकात की। हाथों में भारतीय ध्वज और संगीत वाद्ययंत्र लिये भारतीय समुदाय के सदस्यों ने प्रधानमंत्री का होटल पहुंचने पर स्वागत किया और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए।
मोदी ने भारतवंशी समुदाय के सदस्यों के साथ अपनी कुछ तस्वीरें साझा करते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘जोहानिसबर्ग में विशेष स्वागत के लिए दक्षिण अफ्रीका के भारतीय समुदाय का आभार।” दो महिलाओं ने 30 अगस्त को आने वाले रक्षा बंधन से पहले मोदी की कलाई पर राखी भी बांधी। मोदी ने विशाल स्वामीनारायण मंदिर के एक मॉडल को भी देखा जो 2017 से निर्माणाधीन है और जिसके अगले साल पूरा होने की उम्मीद है। जोहानिसबर्ग के उत्तर में नॉर्थ राइडिंग का नया मंदिर केन्या के नैरोबी में स्थित ऐसे एक मंदिर के समान होगा, जो पूरी तरह से पत्थर से बना है। इसमें कक्षाएं और एक क्लिनिक भी शामिल होगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार सुबह दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना होने से पहले कहा कि ब्रिक्स देश विभिन्न क्षेत्रों में एक मजबूत सहयोग एजेंडा अपना रहे हैं। उन्होंने कहा, “हम मानते हैं कि ब्रिक्स विकास संबंधी अनिवार्यताओं और बहुपक्षीय प्रणाली में सुधार सहित पूरे ‘ग्लोबल साउथ’ के लिए चिंता का सबब बने विभिन्न मुद्दों पर चर्चा और विचार-विमर्श करने का मंच बन गया है।” मोदी ने कहा कि यह शिखर सम्मेलन ब्रिक्स देशों को भविष्य के सहयोग के क्षेत्रों की पहचान करने और संस्थागत विकास का जायजा लेने का उपयोगी अवसर प्रदान करेगा।
बाद में उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “जोहानिसबर्ग में आयोजित होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए दक्षिण अफ्रीका रवाना हो रहा हूं। मैं ‘ब्रिक्स-अफ्रीका आउटरीच’ और ‘ब्रिक्स प्लस डायलॉग’ कार्यक्रमों में भी शामिल होऊंगा। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन ‘ग्लोबल साउथ’ के लिए चिंता का सबब बने विभिन्न मुद्दों और विकास के अन्य क्षेत्रों पर चर्चा करने के वास्ते मंच प्रदान करेगा।” प्रधानमंत्री मोदी 25 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका से यूनान के लिए प्रस्थान करेंगे। वह अपने यूनानी समकक्ष किरियाकोस मित्सोताकिस के निमंत्रण पर वहां जाएंगे। यह उनकी पहली यूनान यात्रा होगी। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे 40 वर्षों के बाद यूनान की यात्रा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री होने का सम्मान मिला है।”
Home / Uncategorized / दक्षिण अफ्रीका में बन रहा हिंदुओं का सबसे बड़ा मंदिर, PM Modi के सामने प्रस्तुत किया गया 3D मॉडल
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website